वर्ल्ड कप 2019 के सेमीफाइनल से टीम इंडिया की विदाई के बाद से ही विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर कई तरह की खबरें आ रहीं थीं। इस बीच धोनी ने वेस्टइंडीज दौरे पर न जाकर आर्मी ट्रेनिंग पर जाने का फैसला भी लिया। हालांकि माही 15 अगस्त को आर्मी ट्रेनिंग कर वापस लौट आए हैं और अब वे एक नए अवतार में नजर आने वाले हैं। खास बात ये है कि धोनी का नया अवतार राजनीति से जुड़ा है।
टीम इंडिया को दो वर्ल्ड कप जिताने वाले महेंद्र सिंह धोनी का अब ऐसा अवतार देखने को मिल रहा है जो इससे पहले कभी नहीं देखा गया। दरअसल भारतीय टीम के इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने हाल ही में मुंबई में एक विज्ञापन की शूटिंग की है, जिसमें वे नेता बने हुए दिख रहे हैं। उनकी इन तस्वीरों ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। प्रशंसकों को माही का ये नया अवतार बेहद रास आ रहा है।
मुंबई में हुई इस विज्ञापन की शूटिंग में धोनी ने एक नेता का किरदार निभाया है। धोनी कुर्ता और गांधी टोपी पहने दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने सिर के ऊपर ले जाकर दोनों हाथ भी इसी अंदाज में जोड़े हैं जैसे कोई नेता किसी राजनीतिक रैली में समर्थकों को संबोधित करते हुए जोड़ता है। धोनी का ये अंदाज सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
MS Dhoni’s New Avatar In AD Shoot ❤? #MSDhoni #Dhoni pic.twitter.com/0GMIwTKLGB
— Sanjay Msd (@SanjayMsd07) August 22, 2019