2019 विश्व कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के हाथों टीम इंडिया को मिली हार के बाद से ही महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरें काफी तेज हो गई थीं। जो भी हो लेकिन धोनी ने संन्यास का ऐलान नहीं किया जिसके बाद ये गुत्थी और भी ज्यादा उलझ गई कि माही क्रिकेट को अलविदा कब कहेंगे। धोनी वेस्टइंडीज टूर पर भी नहीं गए। इस दौरान उन्होंने 15 दिन की आर्मी ट्रेनिंग ली। धोनी कब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहेंगे यह रहस्य अभी भी बना हुआ है।

धोनी की संन्यास के खबरों के बीच टीम इंडिया के पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने बड़ा बयान दिया है। वीरेंद्र सहवाग ने कहा है कि अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि धोनी टीम में योगदान नहीं दे पा रहे हैं तो फिर उन्हें धोनी को बता देना चाहिए कि वो उन्हें आखिरी सीरीज में खेलने का मौका दे रहे हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास पर वीरेंद्र सहवाग ने कहा,”संन्यास कब लेना है ये फैसला करना पूरी तरह से धोनी का अधिकार है। अगर उन्हें लगता है कि वो फिट हैं और पहले की तरह योगदान दे सकते हैं तो फिर उनके खेलते रहने में कोई हर्ज नहीं है, लेकिन अगर चयनकर्ताओं को लगता है कि धोनी अब योगदान नहीं दे सकते हैं तो उन्हें धोनी को साफ कर देना चाहिए‌ कि हम आपको आखिरी सीरीज दे रहे हैं। ऐसे मामले में खिलाड़ी और चयनकर्ताओं के बीच हमेशा बात होनी चाहिए।”

वीरेंद्र सहवाग ने आगे कहा, ”मैं नहीं जानता कि चयनकर्ता खिलाड़ी से बात कर रहे हैं या नहीं। हमने सिर्फ मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद को ये कहते हुए सुना है कि धोनी को ये संदेश दे दिया गया है कि वो पहली पसंद नहीं हैं। इसका मतलब ये हुआ कि वे पहले ऋषभ पंत को चुनेंगे और अगर जरूरत पड़ी तो फिर धोनी की ओर जाएंगे। जो कि नामुमकिन है।”

Leave a comment