MD Dhoni In IPL
तेंदुए की रफ्तार से 22 गज की दूरी तय करने वाले धोनी का यह वीडियो फैंस का तोड़ सकता है दिल!

ऋतुराज गायकवाड़

पुणे में जन्मा यह खिलाड़ी आईपीएल के 16वें संस्करण में अपनी बल्लेबाजी से खूब चमका है। वह महेंद्र सिंह धोनी की टीम में उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस वजह से माना जा रहा कि चेन्नई ऋतुराज को भविष्य के कप्तान के रूप में नियुक्त करने का विकल्प चुन सकती है। वह वर्तमान में कप्तान धोनी से कप्तानी की बहुत सी बारीकियां सीखने में लगे हैं। माही की तरह ही शांत स्वभाव और बेहतर दृष्टिकोण रखने वाले ऋतुराज के पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जिसकी वजह से वह आगे टीम का नेतृत्व कर सकते हैं। बता दें कि ऋतुराज गायकवाड़ 46 आईपीएल मैच खेल चुके हैं। उन्होंने 5 बार नाबाद रहते हुए 1591 रन 38.80 के औसत और 134.26 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें एक शतक व 12 अर्धशतक शामिल हैं। वह 2020 से इस लीग में हैं।

बेन स्टोक्स

धोनी के आईपीएल से विदाई लेने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की कप्तानी के लिए इंग्लैंड के बेन स्टोक्स एकदम उपयुक्त विकल्प नज़र आते हैं। इंग्लैंड की टेस्ट टीम के वर्तमान कप्तान सफल ही साबित हुए हैं। इस स्टार ऑलराउंडर खिलाड़ी में बेहतरीन कप्तानी की हर खूबियां मौजूद हैं। बेन स्टोक्स की अगुआई में अब तक इंग्लिश टेस्ट टीम अपराजित रही है। ऐसे में अब वह चेन्नई फ्रेंचाइजी में धोनी की जगह लेने की दौड़ में आगे नज़र आ रहे हैं। स्टोक्स को टीम में 16.25 करोड़ की भारी-भरकम रकम के साथ खरीदा था, ताकि वह आईपीएल में सुपर किंग्स का भविष्य बन सकें और इस बार धोनी को खिताब दिलाने में मदद कर सकें। बेन 45 आईपीएल मैचों की 44 पारियों में बल्लेबाजी कर चुके हैं। उन्होंने 6 बार नाबाद रहते हुए 935 रन 24.61 के औसत और 133.95 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें दो शतक व दो अर्धशतक शामिल हैं। वह 2017 से इस लीग में जुड़े हैं।

अजिंक्य रहाणे

2021 में बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीतने के लिए भारतीय टीम का नेतृत्व करने वाले अजिंक्य रहाणे थे। वह भारतीय टीम के उप-कप्तान थे, जब विराट कोहली ने टीम की कप्तानी संभाल रखी थी। रहाणे कप्तान के रूप में चेन्नई के लिए एक दिलचस्प विकल्प हो सकते हैं क्योंकि उनके पास संकट की स्थिति में प्रदर्शन करने की क्षमता है जैसा कि उन्होंने पिछले दौरे पर ऑस्ट्रेलिया में किया था। एडिलेड ओवल में उस पिंक बॉल टेस्ट मैच में भारत को सिर्फ 36 रनों पर समेट दिया गया था। यह रहाणे की बेहतरीन कप्तानी थी, जिसने भारत को दूसरी बार लगातार सीरीज जीतने के लिए प्रेरित किया। अजिंक्य ने दूसरे टेस्ट मैच में शतक लगाया, जिसने जीत का आधार तैयार किया और भारत ने गाबा में टेस्ट मैच भी जीता जब कोहली, बुमराह, अश्विन, शमी और जडेजा टीम में नहीं थे। अजिंक्य रहाणे अनुभव से भरे हुए हैं। वह बेहद शांत और चपलता से फैसले लेने में निपुण हैं। इस वजह से चेन्नई को धोनी के बाद उनके टीम को संभालने की भूमिका के बारे में अच्छे से सोच-विचार कर लेना चाहिए। बता दें कि अजिंक्य रहाणे 166 आईपीएल मैचों की 155 पारियों में बल्लेबाजी कर चुके हैं। उन्होंने 17 बार नाबाद रहते हुए 4319 रन 31.30 के औसत और 123.01 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें दो शतक व 30 अर्धशतक शामिल हैं। वह 2008 से इस लीग में जुड़े हुए हैं। इस बार के सीजन में उन्होंने 8 मैचों में 245 रन बनाए हैं और बेहद प्रभावशाली रहे हैं।

अंबाती रायडू

अंबाती रायडू चेन्नई में शामिल होने से मुंबई इंडियंस टीम का हिस्सा रह चुके हैं। वह दोनों टीमों के विनिंग मोमेंट में शामिल भी रहे हैं। अंबाती एक सीनियर खिलाड़ी हैं, जिनके पास गजब का अनुभव है। उन्हें अंतरराष्ट्रीय टीम के लिए खेलने का अनुभव भी प्राप्त है। आईपीएल में उन्हें महेंद्र सिंह धोनी के लीग से संन्यास लेने के बाद कप्तान बनाने के बारे में सोचा जा सकता है। वह मध्यक्रम और सलामी बल्लेबाज के रूप में बेहतरीन विकल्प हैं। उन्हें उप-कप्तानी का अनुभव है। ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स के भावी कप्तानों की दौड़ में अंबाती रायडू भी शामिल हैं। अंबाती 198 आईपीएल मैचों की 183 पारियों में बल्लेबाजी कर चुके हैं। उन्होंने 33 बार नाबाद रहते हुए 4285 रन 28.57 के औसत और 127.33 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें एक शतक व 22 अर्धशतक शामिल हैं। वह 2010 से इस लीग में जुड़े हुए हैं।

मोइन अली

मोइन अली एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर और आईपीएल में चेन्नई टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य हैं। वह हाल के सीजन में अच्छी फॉर्म में हैं। उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से महत्वपूर्ण योगदान दिया है। जब सीएसके ने 2021 में अपना चौथा आईपीएल खिताब जीता तो अली ने एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। चेन्नई सुपर किंग्स उन्हें अपनी फ्रेंचाइजी टीम के अगले कप्तान के रूप में चुन सकती है क्योंकि यह ऑलराउंडर हमेशा डिमांड में रहते हैं और उनके पास मैच को अपने पक्ष में करने की क्षमता है। मोइन अली इंग्लैंड की टी-20 अंतरराष्ट्रीय टीम के कप्तान भी रह चुके हैं। वह इंग्लैंड क्रिकेट के इतिहास में दूसरे एशियाई मूल के कप्तान रहे हैं। इससे पहले नासिर हुसैन भी एशियाई मूल के कप्तान के रूप में रह चुके हैं। अगर मोइन अली का आईपीएल करियर देखें तो उन्होंने 53 मैचों की 49 पारियों में 1017 रन 23.11 के औसत और 144.26 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं, जिसमें 5 अर्धशतक भी शामिल हैं। वहीं, गेंदबाजी देखें तो 46 पारियों में 33 विकेट 7.02 के इकॉनमी रेट से भी ले चुके हैं। धोनी के जाने के बाद मोइन अली भी कप्तान के रूप में अपनी मजबूत दावेदारी पेश करते हैं।