ipl delhi capitals
IPL 2022- दिल्ली कैपिटल्स के नाम दर्ज हैं बड़े रिकॉर्ड्स, लेकिन कुछ को कभी नहीं करना चाहेगी याद

फैंस को इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का बेसब्री से इंतजार है। आईपीएल का इस साल होने वाला सीजन कुछ ही दिनों के बाद 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है। इससे पहले सभी टीमें मैदान में जमकर मेहनत कर रही हैं।

आईपीएल के इतिहास में अब तक एक बार भी खिताब नहीं जीत सकी दिल्ली कैपिटल्स की टीम पहली बार चैंपियन बनने की कोशिश में उतरेगी। दिल्ली कैपिटल्स की मजबूती और संतुलन को देखते हुए तो काफी उम्मीदें भी हैं।

दिल्ली कैपिटल्स का आईपीएल में अब तक का सफर इतना अच्छा नहीं रहा है। लेकिन इस दौरान टीम ने कुछ बेहतरीन और कुछ शर्मनाक रिकॉर्ड्स पर अपना नाम दर्ज करवाया है। आज हम आपको बताते हैं दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से अब तक के आईपीएल सफर में बने कुछ रिकॉर्ड्स…

घर में सबसे न्यूनतम स्कोर

दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने पिछले कुछ सीजन में अपने प्रदर्शन से खास प्रभावित किया है। लेकिन इस टीम का बीच के कुछ सीजन में काफी खराब प्रदर्शन रहा था। इसी दौरान दिल्ली कैपिटल्स ने कुछ कभी ना याद करने वाले रिकॉर्ड्स भी बनाए हैं। जिसमें अपने घरेलू मैदान में सबसे न्यूनतम स्कोर दिल्ली कैपिटल्स के नाम है। साल 2017 के सीजन में मुंबई इंडियंस के खिलाफ दिल्ली कैपिटल्स की टीम केवल 66 रन के स्कोर पर ढेर हो गई थी। इस मैच में उन्हें 213 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी टीम 13.4 ओवर में केवल 66 के स्कोर पर ही ढ़ेर हो गई।

पहली पारी में सबसे न्यूनतम स्कोर

आईपीएल के इतिहास में दिल्ली कैपिटल्स के नाम एक और रिकॉर्ड है, जिसे वो हमेशा-हमेशा के लिए भूलना चाहेगी। दिल्ली कैपिटल्स के नाम आईपीएल के इतिहास में किसी टीम के द्वारा पहले बल्लेबाजी करते हुए सबसे कम स्कोर बनाने का शर्मनाक रिकॉर्ड है। 2017 के सीजन में ही मोहाली में पंजाब किंग्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम केवल 67 रन पर सिमट गई थी। ये स्कोर आईपीएल में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का सबसे न्यूनतम स्कोर है।

सबसे ज्यादा विकेट लेने वाला भारतीय गेंदबाज

आईपीएल के इतिहास में कुछ भारतीय गेंदबाजों ने अपनी गेंदबाजी से खास चमक बिखेरी है। आईपीएल में मोस्ट विकेट टेकर की लिस्ट देखे तो भारतीय गेंदबाजी का बोलबाला भी रहा है। आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट झटकने का रिकॉर्ड तो लसिथ मलिंगा के हाथ में है, लेकिन सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज की बात करें तो ये काम दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलने वाले अमित मिश्रा ने किया है। अमित मिश्रा को इस सीजन में तो किसी ने नहीं खरीदा, लेकिन उन्होंने 2008 से 2021 के सीजन तक खेले 154 मैचों में 166 विकेट निकाले और वो ओवरऑल तीसरे मोस्ट विकेट टेकर गेंदबाज हैं।

घरेलू मैदान में सबसे सफलतम रनचेज

आईपीएल के इतिहास में एक से एक सफलतम लक्ष्य का पीछा करते हुए देखा गया है। लेकिन घरेलू मैदान में सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतम पीछा करने का कमाल दिल्ली कैपिटल्स के नाम है। साल 2017 के सीजन में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात लॉयंस के खिलाफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला स्टेडियम में 209 रन के लक्ष्य का पीछा किया था। आईपीएल में किसी टीम के द्वारा घरेलू मैदान में ये सबसे बड़ा स्कोर चेज था। इस मैच में गुजरात लॉयंस ने 208 रन बनाए थे। जिसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने 17.3 ओवर में ही 214 रन बनाकर मैच अपने नाम किया। दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने 43 गेंद में 97 रन की पारी खेली थी।

एक पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाला बल्लेबाज

टी20 क्रिकेट बल्लेबाजों का फॉर्मेट माना जाता है, जहां एक बल्लेबाज गेंदबाजों पर जबरदस्त आक्रमण करता है। बल्लेबाज कम से कम गेंदों में ज्यादा से ज्यादा रन बनाने की कोशिश करता है। इस स्थिति में कुछ बल्लेबाजों की स्ट्राइक रेट बहुत ही जबरदस्त होती है। आईपीएल के इतिहास में एक पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेटसे रन बनाने की बात करें तो वो काम दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए क्रिस मौरिस ने किया है। क्रिस मौरिस ने 2017 के सीजन में राइजिंग पुणे सुपरजॉयंट्स के खिलाफ 422.22 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे। इस पारी में मौरिस ने 4 चौको और 3 छक्कों की मदद के केवल 9 गेंद में 38 रन की नाबाद पारी खेली थी।

Leave a comment