Ravi Shastri- Tilak Varma
टीम इंडिया के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री मुंबई इंडियंस के युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा की बल्लेबाजी से बहुत प्रभावित हुए हैं।

टीम इंडिया (Team India) के पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) मुंबई इंडियंस (MI) के युवा खिलाड़ी तिलक वर्मा (Tilak Varma) की बल्लेबाजी से बहुत प्रभावित हुए हैं। उन्होंने 19 साल के इस भारतीय क्रिकेटर के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा है कि उनके शॉट सेलेक्शन बहुत विविधता है। इसके अलावा शास्त्री ने तिलक को भविष्य का खतरनाक बल्लेबाज भी बताया है। बता दें कि तिलक वर्मा आईपीएल 2022 (IPL 2022) में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेल रहे हैं।

59 साल के रवि शास्त्री ने स्टार स्पोर्ट्स के शो पर बातचीत करते हुए कहा, “तिलक वर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए खेली दोनों पारियों में काफी क्षमता दिखाई है। मैं उनके शाट्स के रेंज- फ्रंट फुट, बैक फुट, स्वीप को देखकर प्रभावित हूं। उनके शॉट चयन में बहुत भिन्नता है। उनका मानसिक संतुलन, शारीरिक भाषा और मिजाज एक युवा खिलाड़ी के तौर पर काफी अच्छा है।”

पूर्व भारतीय हरफनमौला खिलाड़ी ने आगे कहा, “उन्होंने बहुत आत्मविश्वास से बल्लेबाजी की है। इस खिलाड़ी में आगे बढ़ने की क्षमता है। तिलक वर्मा ने अपनी बल्लेबाजी से सकारात्मक मंशा दिखाई है और ये मुंबई इंडियंस के लिए अच्छे संकेत हैं। एक बार सूर्यकुमार यादव के प्लेइंग इलेवन में वापस आने के बाद मुंबई का मध्यक्रम मजबूत होगा।”

बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने अब तक आईपीएल 2022 में एमआई के लिए दो मैच खेले हैं और दोनों में बेहतरीन प्रदर्शन किया है। तिलक वर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 15 गेंदों पर 22 रन बनाए थे, जबकि उन्होंने आरआर के विरुद्ध 33 गेंदों पर 61 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली थी। बता दें कि एमआई ने इस सीजन की नीलामी में तिलक को 1.7 करोड़ रूपए में खरीदा था।

Leave a comment