इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बैंगलौर (RCB) का आधिकारिक ट्विटर अकाउंट हैक कर लिया गया है। हैकर्स ने अकाउंट का नाम बदल कर ‘बोरड एप यॉट क्लब’ (Bored Ape Yacht Club) कर दिया है। आरसीबी का लोगो बदल कर हैकर्स ने अपनी प्रोफाइल पिक्चर भी लगा ली है। हालांकि, यूजर नेम नहीं बदला जा सकता, जिससे साफ़ तौर पर अकाउंट की पहचान की जा सकती है।
हैकर्स आरसीबी के अकाउंट से नॉन फंजीबल टोकन (NFT) बेचने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने एक ट्वीट कर अकाउंट पर सबसे ऊपर पिन कर दिया है, जिसमें उन्होंने चार लेवल के टोकन पेश किए हैं। इसके अलावा हैकर्स ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट की जानकारी भी प्रदान की है।
फैंस ने इस घटना को शनिवार सुबह नोटिस किया। इसके बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। पहले तो प्रशंसकों को यह कोई मजाक लगा, मगर बाद में एनएफटी से जुटे ट्वीट देखकर अकॉउंट हैक होने की पुष्टि हो गई।
गौरतलब है कि भारत समेत पूरे विश्व में आरसीबी का बहुत बड़ा फैन बेस है। विराट कोहली, एबी डी विलियर्स जैसे दिग्गज खिलाड़ी इस फ्रेंचाइजी से जुड़े हैं। मगर खबर लिखे जाने तक अकॉउंट रिकवर नहीं किया जा सका है।