अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने 2022 की बेस्ट पुरुष टी20 आई टीम का एलान कर दिया है। इस टीम में सबसे ज्यादा तीन खिलाड़ी भारत से हैं। नीली जर्सी वाली टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली (Virat Kohli) , धाकड़ बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) और हरफनमौला खिलाड़ी हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) को इस टीम में सम्मिलित किया गया है।
आईसीसी की इस खास टीम में पाकिस्तान के दो खिलाड़ी मोहम्मद रिजवान और हारिस रउफ, इंग्लैंड के दो खिलाड़ी जोस बटलर और सैम करन, श्रीलंका के वानिन्दु हसरंगा, ज़िम्बाब्वे के सिकंदर रजा, न्यूजीलैंड के ग्लेन फिलिप्स और आयरलैंड के जोशुआ लिटिल शामिल हैं। वहीं, जोस बटलर को कप्तान नियुक्त किया गया है।
प्रदर्शन की बात करें, तो विराट कोहली ने पिछले साल अपना पुराना अंदाज दिखाया। एशिया कप में वो सबसे ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। उन्होंने 5 मैचों में 276 रन जड़े थे। अफगानिस्तान के खिलाफ कोहली ने अपने टी20 करियर का पहला शतक ठोका था। सूर्यकुमार यादव के लिए साल 2022 बेहद शानदार रहा। वो एक कैलेंडर वर्ष में टी20 आई में हजार से ज्यादा रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने पिछले साल 1164 रन बनाए थे, जिसमें 2 शतक और 9 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान सूर्यकुमार का स्ट्राइक रेट 187.43 का रहा। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 2022 में बल्ले और गेंद दोनों से धमाल मचाया था। पांड्या ने 607 रन बनाए, साथ ही 20 विकेट भी लिए।
आईसीसी द्वारा जारी की गई वर्ष 2022 की बेस्ट पुरुष टी20 आई टीम इस प्रकार है –
जोस बटलर (C/WK), मोहम्मद रिजवान, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ग्लेन फिलिप्स, सिकंदर रजा, हार्दिक पांड्या, सैम करन, वानिंदु हसरंगा, हारिस रऊफ, जोशुआ लिटिल।
सूर्यकुमार ने महाकाल से लगाई पंत की वापसी की गुहार – VIDEO
34 वर्ष