हरमनप्रीत कौर ने टी20 आई में रचा इतिहास, महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड किया ध्वस्त  

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने टीम इंडिया (Team India) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। हरमनप्रीत अब सर्वाधिक टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में भारतीय टीम का नेतृत्व करने वाली खिलाड़ी बन गईं हैं। शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के महिला क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लिश टीम के खिलाफ मैदान पर उतरने के साथ ही उन्होंने यह बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली।

हरमनप्रीत ने भारतीय महिला टीम का 73 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबलों में नेतृत्व किया है, जबकि एमएस धोनी ने 72 मुकाबलों में यह ज़िम्मेदारी निभाई है। इस लिस्ट में पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) तीसरे स्थान पर हैं। विराट ने खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 50 मैचों के दौरान टीम इंडिया की कप्तानी की है।

महिला ऑलराउंडर को 2012 में पहली बार भारतीय महिला टीम का कप्तान बनाया गया था और 2018 में उन्हें नियमित कप्तान नियुक्त कर दिया गया। बता दें कि भारत ने हरमनप्रीत की कप्तानी में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के लीग चरण में पाकिस्तान और बारबाडोस को करारी शिकस्त देकर शानदार अंदाज़ में सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।  

दाएं हाथ की बल्लेबाज के टी20 अंतर्राष्ट्रीय करियर की बात करें, तो उन्होंने भारत के लिए 127 महिला टी20 आई मुकाबलों में 2463 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 7 अर्धशतक भी लगाए हैं। 

Q. हरमनप्रीत कौर ने T20 आई में डेब्यू मैच कब खेला था?

A. 11 जून 2009

Leave a comment