मुंबई इंडियंस (MI) ने हाल ही में अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर एक वीडियो साझा की है, जिसमें युवा गेंदबाज ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar) प्रैक्टिस सेशन में बोलिंग करते हुए नज़र आ रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्जुन मुंबई टीम के बल्लेबाज के सामने गेंदबाजी कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने सटीक यॉर्कर गेंद डाली, जिसमें बल्लेबाज क्लीन बोल्ड हो गया।
मास्टर ब्लास्टर (Master Blaster) के बेटे का यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मुंबई इंडियंस ने अर्जुन तेंदुलकर का वीडियो शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा, “यदि आपका नाम अर्जुन है तो आप कभी लक्ष्य को मिस नहीं कर सकते हैं।” 22 साल के अर्जुन तेंदुलकर को एमआई ने साल 2020 में 20 लाख रूपए में खरीदा था और वे फ्रैंचाइजी के साथ दो सीजन तक जुड़े रहे थे।
वहीं, आईपीएल के 15वें सीजन के मेगा ऑक्शन में अर्जुन को एक बार फिर से मुंबई इंडियंस ने 30 लाख रूपए में खरीद लिया था। मालूम हो कि क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन ने पिछले साल सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई की तरफ से डेब्यू किया था।
उस टूर्नामेंट में बाएं हाथ के इस युवा गेंदबाज ने 2 मुकाबलों में 2 विकेट चटकाए थे। हालांकि, अर्जुन ने अभी तक आईपीएल में डेब्यू नहीं किया है। एमआई के आईपीएल 2022 में प्रदर्शन की बात करें तो पांच बार की चैंपियन अपने शुरूआती 6 मैच हार चुकी है।