मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के धाकड़ ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड (Kieron Pollard) नेट्स में तूफानी बल्लेबाजी कर रहे हैं, जिसकी एक झलक फ्रैंचाइजी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करके दिखाई है। एमआई (MI) द्वारा शेयर की गई इस वीडियो में पोलार्ड प्रैक्टिस सेशन में लंबे-लंबे छक्के लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं।
मुंबई इंडियंस ने हाल ही में पोलार्ड के पावर-पैक क्रिकेटिंग शॉट की एक वीडियो अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की है। 34 साल के कीरोन पोलार्ड ने नेट सेशन के दौरान एक हाथ से छक्का भी लगाया, जो टीम की बस पर जाकर लगा, जिससे शीशा टूट गया। इस कैरेबियाई खिलाड़ी की बल्लेबाजी अभ्यास सेशन के दौरान काफी प्रभावशाली नज़र आई।
बता दें कि पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आईपीएल 2022 में एक मैच खेलें हैं, जिसमें उन्हें दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इस मैच में कीरोन पोलार्ड मात्र 3 रन बनाकर आउट हो गए थे। एमआई अपना अगला मुकाबला 2 अप्रैल को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी, जोकि मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा।
पोलार्ड ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है, जिसके चलते उन्हें फ्रैंचाइजी ने रिटेन भी किया। उनके इंडियन प्रीमियर लीग के आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक 179 मुकाबले खेले हैं, जिसमें पोलार्ड ने 29.74 के औसत और 149.50 के स्ट्राइक रेट से 3271 रन बनाए हैं। साथ ही उन्होंने 65 विकेट भी चटकाए हैं।