भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री के जुझारू खेल की बदौलत भारत ने इंटरकॉन्टिनेंटल कप 2018 पर कब्ज़ा कर लिया है। टीम इंडिया ने फाइनल में केन्या को 2 – 0 से पटखनी दी। भारत की तरफ से दोनों गोल कप्तान सुनील छेत्री ने दागे।

मुंबई के अंधेरी स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए इस मैच में दर्शक खचाखच भरे थे। हर कोई सुनील छेत्री के लाजवाब खेल की प्रशंसा कर रहा था। सुनील छेत्री ने मैच के शुरूआती आठवें मिनट में दनदनाते हुए गोल दागा और अपनी टीम को मैच में 1 – 0 की बढ़त दिलाई।

इसके बाद सुनील छेत्री ने मैच के 29वें मिनट में केन्याई खिलाड़ियों को बुरी तरह से छकाते हुए दूसरा गोल दागा। साथ ही भारत ने मैच में 2 – 0 से बढ़त बना ली।

भारतीय कप्तान सुनील छेत्री ने बेहतरीन कप्तानी की मिसाल पेश करते हुए अपनी टीम को खिताबी जीत दिलाई। इतना ही नहीं छेत्री ने अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल में अब तक 64 गोल कर लियोनल मेसी की बराबरी करली है।

गौरतलब है कि भारत ने इससे पहले लीग स्टेज में चीनी तायपेई को 5-0 से और केन्या को 3-0 से हराया था, वहीं भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था।

Leave a comment