भारतीय फुटबॉल टीम के कप्तान सुनील छेत्री के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने चीनी ताइपे को 5-0 से हराया। शुक्रवार को मुंबई में खेले गए इस मुक़ाबले में कप्तान सुनील छेत्री ने गोल की शानदार हैट्रिक लगाई.
4 देशों के इंटरकॉन्टिनेंटल कप में अपने 99वें अंतरराष्ट्रीय मैच में छेत्री ने 14 वें, 34वें एवं 62वें मिनट में गोल दागे, जिसकी बदौलत छेत्री ने सबसे ज्यादा गोल दागने वाले सक्रिय खिलाड़ियों की सूची में संयुक्त रूप से डेविड विया के साथ तीसरे स्थान पर काबिज हो गए हैं।
आपको बता दें कि मैच के 62वें मिनट में कप्तान सुनील छेत्री ने शानदार गोल के साथ हैट्रिक पूरी कर अपने 59 गोल पूरे किए, जिससे उन्होंने स्पेन के डेविड विया की बराबरी कर तीसरे पायदान पर जगह बनाई। इस फेहरिस्त में अब टीम इंडिया के कप्तान सुनील छेत्री से आगे सिर्फ क्रिस्टियानो रोनाल्डो एवं लियोनेल मेसी हैं, जिनके नाम क्रमशः 81 और 64 गोल दर्ज हैं।
अंतर्राष्ट्रीय फुटबॉल में सबसे ज़्यादा गोल दागने वाले दुनिया के तीन सर्वश्रेष्ठ फ़ुटबॉलर इस प्रकार हैं:
खिलाड़ी – गोल
क्रिस्टियानो रोनाल्डो – 81
लियोनेल मेसी – 64
डेविड विया/ सुनील छेत्री – 59