युवराज सिंह का ये महा-रिकॉर्ड 17 साल से नहीं टूटा
आईपीएल के 18 साल के इतिहास में युवराज सिंह इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने आईपीएल के एक सीजन में दो बार हैट्रिक ली है. उन्होंने ये कारनामा 2009 में करके दिखाया था. युवराज का ये रिकॉर्ड पिछले 17 सीजन से कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ पाया.
दिल्ली: आईपीएल का नाम सुनते ही चौकों-छक्कों का ख्याल सबसे पहले दिमाग में आता है. इस मेगा लीग में गेंदबाजों के मुकाबले बल्लेबाज ज्यादा रिकॉर्ड बनाते हैं. युवराज सिंह की गिनती भी आईपीएल के सबसे प्रमुख प्लेयर्स में होती रही है, जो बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी से भी जलवा दिखाया करते थे. युवी ने अपनी गेंदबाजी के दम पर आईपीएल में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया है, जो पिछले 17 सालों से कायम है.
बाएं हाथ के ऑलराउंडर युवराज ने 2008 से 2019 तक आईपीएल का हिस्सा रहे. करियर के पहले तीन सीजन उन्होंने किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) के लिए खेले थे. 2009 में उन्होंने एक ऐसा धांसू रिकॉर्ड बनाया था, जो उनके बाद अब तक कोई भी खिलाड़ी नहीं बना पाया.
2009 में युवराज सिंह ने ली थीं दो हैट्रिक
दरअसल, IPL 2009 में युवराज किंग्स XI पंजाब की तरफ से खेलते हुए 6 विकेट हासिल करने में सफल रहे थे. उस सीजन में उन्होंने दो बार हैट्रिक लेने का कारनामा किया था. IPL में युवराज सिंह इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने एक सीजन में दो हैट्रिक ली हैं.
युवी ने पहली हैट्रिक 1 मई, 2009 को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के विरुद्ध खेले मैच में ली थी. उन्होंने ये हैट्रिक दो ओवरों में पूरी की थी. बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने 12वें ओवर की पांचवी गेंद पर रॉबिन उथप्पा और छठी गेंद पर जैक्स कैलिस को पवेलियन की राह दिखाई थी. इसके बाद उन्होंने अपने अगले ओवर की पहली गेंद पर मार्क बाउचर को एलबीडबल्यू आउट किया था.
इसके बाद, युवी ने उसी सीजन में डेक्कन चार्जेस के विरुद्ध हैट्रिक लेने के कारनामा किया था. इस मैच में भी बाएं हाथ के ऑलराउंडर ने दो ओवरों में अपनी हैट्रिक पूरी की थी. डेक्कन चार्जेस की पारी के 12वें ओवर में युवराज ने हर्षल गिब्स को अपना शिकार बनाया था. इसके बाद उन्होंने 14वें ओवर की पहली दो गेंदों पर एंड्रयू साइमंड्स को और दूसरी गेंद पर वेणुगोपाल राव के रूप में दो और सफलताएं अर्जित की थीं.
युवराज सिंह के आईपीएल करियर के आंकड़े
44 वर्षीय युवराज ने अपने आईपीएल करियर में 6 टीमों का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने 132 मैचों में 2750 रन बनाए, जिसमें 13 अर्धशतक शामिल रहे. गेंदबाजी में युवी 36 विकेट झटकने में कामयाब रहे.
