भारत की जीत से सेमीफाइनल की जंग तय
कोलकाता के ईडन गार्डन्स में भारत ने वेस्टइंडीज को हराकर टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में जगह बनाई. शुरुआती विकेट गिरने से दबाव बढ़ा, लेकिन संजू सैमसन की 97 रनों की शानदार पारी ने मैच पलट दिया. अब भारत का सामना इंग्लैंड से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में होगा. फैंस को एक और हाई वोल्टेज मुकाबले का इंतजार है.
दिल्ली: कोलकाता के ईडन गार्डेंस में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के मुकाबले में भारत ने वेस्टइंडीज पर रोमांचक जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया. इस जीत के साथ ही भारतीय क्रिकेट प्रेमियों ने राहत की सांस ली और खुशी का इजहार किया. मैच खत्म होते ही जगह-जगह लोगों में उत्साह और चर्चा का माहौल देखने को मिला.
शुरुआती झटकों से बढ़ी चिंता
भारतीय पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और जल्दी दो विकेट गिरने से फैंस की धड़कनें तेज हो गईं. हालांकि, संजू सैमसन की 50 गेंदों में 97 रनों की शानदार पारी ने मैच को भारत की पकड़ में बनाए रखा और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.
सेमीफाइनल के लिए जारूरी थी जीत
यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण था, क्योंकि सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए जीत जरूरी थी. यही वजह रही कि मैच के दौरान क्रिकेट प्रेमियों में मानसिक तनाव भी साफ दिखाई दिया. हर गेंद के साथ उत्साह और चिंता का मिश्रण देखने को मिला.
भारत बनाम इंग्लैंड
अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला इंग्लैंड से होगा, जहां दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी. यह लगातार तीसरा अवसर है, जब टी20 विश्व कप के सेमीफाइनल में भारत और इंग्लैंड आमने-सामने होंगे. 2022 में इंग्लैंड ने भारत को हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया था और बाद में पाकिस्तान को मात देकर खिताब जीता. वहीं, 2024 में भारत ने इंग्लैंड को हराकर उस हार का बदला लिया और फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर दूसरी बार चैंपियन बना.
वानखेड़े में फिर इतिहास रचने की तैयारी
मुंबई का वानखेड़े स्टेडियम एक बार फिर इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का गवाह बनने जा रहा है. दोनों टीमें यहां जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने के इरादे से उतरेंगी. मुकाबला गुरुवार, 5 मार्च को खेला जाएगा, जिसमें टॉस शाम 6:30 बजे और मैच भारतीय समयानुसार 7:00 बजे शुरू होगा.
पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका बनाम न्यूजीलैंड
फाइनल की पहली दावेदार टीम का फैसला 4 मार्च को होगा, जब दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आमने-सामने होंगी. इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी. यह मैच भी भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे शुरू होगा. भारत में क्रिकेट प्रशंसक इं दोनों रोमांचक मुकाबले का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क, जियोस्टार और डीडी स्पोर्ट्स पर देख सकेंगे.
