मुख्य बिंदु:
मैदान पर तैयारी के बीच विराट कोहली का चिर-परिचित मस्तीभरा अंदाज भी देखने को मिला. अभ्यास सत्र के दौरान वह साथी खिलाड़ियों के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए.
दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम न्यूज़ीलैंड के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है. सीरीज का पहला मुकाबला 11 जनवरी को बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. मैच से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी वडोदरा पहुंच चुके हैं और मैदान पर जमकर अभ्यास कर रहे हैं.
विराट कोहली के मस्ती भरे अंदाज ने जीता दिल
मैदान पर तैयारी के बीच विराट कोहली का चिर-परिचित मस्तीभरा अंदाज भी देखने को मिला. अभ्यास सत्र के दौरान वह साथी खिलाड़ियों के साथ हंसी-मजाक करते नजर आए. कोहली ने न सिर्फ खिलाड़ियों को हाई-फाइव दिया, बल्कि तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के दौड़ने की शैली की नकल कर सभी को खूब हंसाया. इस पल का वीडियो सोशल मीडिया पर पंजाब किंग्स द्वारा साझा किया गया है, जिसे फैंस काफी पसंद कर रहे हैं.
शानदार फॉर्म में चल रहे हैं विराट कोहली
कोहली इस समय बेहतरीन फॉर्म में हैं. ऑस्ट्रेलिया दौरे पर शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में वह खाता नहीं खोल सके थे, लेकिन सीरीज के अंतिम मैच में उन्होंने नाबाद अर्धशतक जड़कर जोरदार वापसी की. इसके बाद दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने दो शतक और एक अर्धशतक लगाकर अपनी क्लास साबित की.
विजय हजारे ट्रॉफी में भी दिखाया दम
करीब 16 साल बाद विजय हजारे ट्रॉफी में खेलने उतरे विराट ने घरेलू क्रिकेट में भी शानदार प्रदर्शन किया. दिल्ली की ओर से खेलते हुए उन्होंने एक शतक और एक अर्धशतक जमाया, जिससे उनका आत्मविश्वास और मजबूत हुआ है.
वडोदरा स्टेडियम में होगा ऐतिहासिक मुकाबला
बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में यह पहला पुरुष अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला होगा, जिसे लेकर स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है. इस सीरीज के जरिए कप्तान शुभमन गिल और उपकप्तान श्रेयस अय्यर भी टीम में वापसी कर रहे हैं. दोनों खिलाड़ी चोट के कारण पिछली दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में हिस्सा नहीं ले पाए थे.
अब सभी की नजरें 11 जनवरी को होने वाले पहले वनडे मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम इंडिया जीत के साथ सीरीज की शुरुआत करना चाहेगी.
