विराट कोहली बड़ा कीर्तिमान अपने नाम दर्ज करने की दहलीज पर
विराट कोहली ने अब तक आईपीएल में कई बड़ी उपलब्धियां हासिल की हैं. IPL 2026 के पहले ही मैच में वो एक और बड़ा कीर्तिमान स्थापित कर सकते हैं. उन्हें SRH के खिलाफ 9 छक्के लगाने होंगे. ऐसा करते ही कोहली आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
दिल्ली: आईपीएल का 19वां सीजन शुरू होने में अब सिर्फ 10 दिन बाकी बचे हैं. IPL 2026 का पहला मैच 28 मार्च को RCB और SRH (RCB vs SRH) के बीच खेला जाएगा, जो कि बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित होगा. इस मैच में ज्यादातर फैंस की निगाहें विराट कोहली (Virat Kohli) पर टिकी होंगी, जो लंबे समय बाद टी20 मैच खेलते हुए नजर आएंगे. इस मुकाबले में किंग कोहली एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर सकते हैं.
बता दें कि 37 वर्षीय कोहली आईपीएल 2026 में हिस्सा लेने के लिए आज ही लंदन से भारत पहुंचे हैं. वह बेंगलुरु में अपनी टीम के साथ जुड़ गए हैं. कोहली का मौजूदा फॉर्म काफी शानदार है, ऐसे में फैंस को पूरी उम्मीद है कि वो दुनिया की सबसे बड़ी लीग के आगामी सीजन में जमकर रन बटोरेंगे. अगर उनका बल्ला चला तो RCB आसानी से अपना टाइटल डिफेंड कर लेगी.
IPL 2026 के पहले मैच में कोहली बना सकते हैं ये बड़ा रिकॉर्ड
हम जिस रिकॉर्ड की बात कर रहे हैं, उसके लिए कोहली को 9 छक्के लगाने होंगे. दरअसल, कोहली आईपीएल में 300 पूरे करने से महज 9 छक्के दूर हैं. उन्होंने अपने आईपीएल करियर में अब तक 267 मैच खेले हैं और 8661 रन बनाए हैं. इस दौरान कोहली ने 291 छक्के लगाए हैं. SRH के खिलाफ होने वाले मुकाबले में अगर कोहली के बल्ले से 9 छक्के निकलते हैं, तो वो आईपीएल में 300 छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे.
आईपीएल में अब तक ये कारनामा क्रिस गेल और रोहित शर्मा ने करके दिखाया है. वेस्टइंडीज के पूर्व धाकड़ बल्लेबाज गेल ने अपने आईपीएल करियर में 357 छक्के लगाए हैं. वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में पहले नंबर पर हैं. वहीं, रोहित 302 छक्कों के साथ दूसरे पायदान पर हैं. 9 छक्के लगाते ही कोहली इन दिग्गजों के इस खास क्लब में एंट्री ले लेंगे.
IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
| रैंक | खिलाड़ी | मैच | छक्के |
| 1. | क्रिस गेल | 142 | 357 |
| 2. | रोहित शर्मा | 272 | 302 |
| 3. | विराट कोहली | 267 | 291 |
| 4. | महेंद्र सिंह धोनी | 278 | 264 |
| 5. | एबी डि विलियर्स | 170 | 251 |
