UAE
UAE beat Bangladesh by 2-1 in 3 match T20 Series

दिल्ली: अलीशान शराफू और हैदर अली की शानदार परफॉर्मेंस की मदद से UAE ने बांग्लादेश को तीन टी20 मैचों की सीरीज में 2-1 से हराकर इतिहास बना दिया. तीसरे और आखिरी मैच में यूएई ने शारजाह में बांग्लादेश को 7 विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ यूएई ने सीरीज अपने नाम कर ली.

यूएई ने रचा इतिहास

बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 163 रन का टार्गेट दिया था. जवाब में यूएई ने यह लक्ष्य 19.1 ओवर में सिर्फ तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया. इससे पहले यूएई ने सोमवार को दूसरा टी20 मुकाबला दो विकेट से जीता था. ये यूएई की किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ दूसरी टी20 सीरीज जीत है. इससे पहले 2021 में यूएई ने आयरलैंड को भी 2-1 से हराया था.

मैच की शुरुआत में यूएई के बाएं हाथ के स्पिनर हैदर अली ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 7 रन देकर 3 विकेट झटके. उनकी शानदार गेंदबाजी से बांग्लादेश की टीम 84 रन पर ही 8 विकेट गंवा चुकी थी. हालांकि, इसके बाद जाकेर अली और हसन महमूद ने टीम को संभाला. जाकेर ने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए. तंजिद हसन ने 18 गेंदों में 40 रन और हसन महमूद ने सिर्फ 5 गेंदों में नाबाद 26 रन बनाए. शोरिफुल इस्लाम ने भी 7 गेंदों में नाबाद 16 रन जोड़े. यूएई के लिए साग़िर खान और मतिउल्लाह खान ने भी 2-2 विकेट लिए.

शराफू की बेहतरीन फिफ्टी

163 रन के टार्गेट का पीछा करने उतरी यूएई की शुरुआत अच्छी रही. सबसे बड़ी पारी अलीशान शराफू ने खेली. 22 साल के इस बल्लेबाज ने 47 गेंदों में नाबाद 68 रन बनाए. इसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे. उन्होंने आसिफ खान के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी की. आसिफ ने 26 गेंदों में नाबाद 41 रन बनाए. दोनों की साझेदारी की बदौलत यूएई ने मैच में आसानी से जीत हासिल की.

इससे पहले मोहम्मद जोहैब ने भी 23 गेंदों में 29 रन की उपयोगी पारी खेली. बांग्लादेश के गेंदबाज यूएई के बल्लेबाजों पर दबाव नहीं बना सके और पूरे मैच में पीछे नजर आए. इस जीत के साथ यूएई ने दुनिया को दिखा दिया कि वो किसी भी बड़ी टीम को मात दे सकते हैं.

मैं एक खेल पत्रकार हूं, जिसे क्रिकेट से बेहद लगाव है. एंकरिंग, रिपोर्टिंग, कंटेंट...