Overview:
आईपीएल के 19वें सीजन का ओपनिंग मैच डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा.
दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन के कुछ ही दिन बाद बीसीसीआई ने वर्ल्ड क्रिकेट की सबसे हाई प्रोफाइल टी20 लीग इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के पहले फेज के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है. 28 मार्च से शुरू हो रहे इस संस्करण का कार्यक्रम 12 अप्रेल तक का रिलीज किया है.
RCB बनाम SRH के पहले मैच पर ही मंडरा रहा है खतरा
11 मार्च बुधवार की शाम को बोर्ड ने आईपीएल 2026 के पहले 20 मैचों का शेड्यूल तो जारी कर दिया है, लेकिन शेड्यूल जारी होने के साथ ही एक नई मुसीबत भी गले पड़ गई है, जिसकी वजह से डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले पहले मैच पर खतरा मंडराने लगा है.
चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों पर अभी नहीं हुई है तस्वीर साफ
आईपीएल के 19वें सीजन का पहला मुकाबला RCB और SRH के बीच बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा, लेकिन इस मैच को लेकर बीसीसीआई ने एक बड़ा सस्पेंस छोड़ दिया है. बोर्ड ने शेड्यूल के साथ नोट करके एक खास बिंदू को जोड़ा है और वो ही पॉइंट अब हर किसी के मन में सवाल पैदा कर रहा है.
विशेषज्ञ समिति की मंजूरी के बाद ही होगा फैसला
इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन के पहले फेज के शेड्यूल के लिए जारी की गई रिलीज में लिखा है कि “बेंगलुरु में होने वाले मैच कर्नाटक सरकार के जरिए गठित की गई विशेषज्ञ समिति की मंजूरी के अधीन हैं. समिति 13 मार्च, 2026 को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण और मीटिंग करेगी, जिसके दौरान आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए स्टेडियम की तैयारियों का आकलन करने के लिए मैच-डे व्यवस्थाओं का पूरे पैमाने पर मॉक प्रदर्शन किया जाएगा.”
बोर्ड की तरफ से साफ इशारा है कि बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाले मैचों को लेकर एक्सपर्ट कमेटी को गठित किया गया है और उनकी तरफ से आने वाले फैसले के बाद ही बेंगलुरू में मैच कराए जाएंगे. आपको बता दें कि आरसीबी के 7 में से 5 मैच बेंगलुरू और 2 मैच गुवाहाटी में होने हैं.
