इशान किशन को मिली कप्तानी
IPL 2026 के शुरुआती मैचों में इशान किशन SRH की टीम की अगुवाई करते हुए नजर आएंगे, क्योंकि टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस अभी तक पूरी तरह से फिट नहीं हुए हैं. कमिंस, जब तक फिट होकर टीम को ज्वाइन नहीं करते, तब तक इशान ही टीम की कमान संभालेंगे.
दिल्ली: IPL 2026 के शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद ने एक बड़ा ऐलान किया है. फ्रेंचाइजी ने पैट कमिंस की इंजरी को देखते हुए इशान किशन को कप्तान घोषित कर दिया है. वहीं, अभिषेक शर्मा को उप-कप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है. यह व्यवस्था तब तक लागू रहेगी जब तक कि टीम के नियमित कप्तान कमिंस चोट से उबरकर टीम को ज्वाइन नहीं कर लेते.
बता दें कि ऑस्ट्रेलिया के स्टार गेंदबाज पिछले काफी समय से पीठ की चोट से परेशान हैं और मौजूदा समय में उनका रिहैब चल रहा है. कमिंस को पूरी तरह से फिट होने में अभी कुछ और समय लग सकता है. मैदान पर उनकी वापसी को लेकर अभी तक कोई नियमित तारीख तय नहीं की गई है.
इशान किशन को मिली SRH की कप्तानी
फ्रेंचाइज़ी ने इशान को कप्तान बनाए जाने की घोषणा सोशल मीडिया के जरिए की है. SRH ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिखा, ‘पैट कमिंस अनफिट होने के कारण कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे. उनके ठीक होने तक, इशान किशन कप्तान होंगे और अभिषेक शर्मा उप-कप्तान की जिम्मेदारी संभालेंगे.’
बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज इशान आईपीएल के विस्फोटक बल्लेबाजों में से एक हैं. दुनिया की इस सबसे बड़ी लीग में इशान ने 119 मैचों की 112 पारियों में 29.10 की औसत और 137.64 की स्ट्राइक रेट से 2,998 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 17 अर्धशतक निकले हैं.
वहीं, विकेटों के पीछे भी 27 वर्षीय इशान ने अपनी काबिलियत साबित की है. बतौर कीपर इशान 58 कैच लपक चुके हैं और 5 स्टंपिंग की हैं. आईपीएल का पिछला सीजन बाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज के लिए काफी शानदार गुजरा था. उन्होंने 14 मैचों में 152 से अधिक के औसत से 354 रन बनाए थे.
SRH का पहला मैच कब है?
बता दें कि आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद को अपना पहला मैच RCB के विरुद्ध खेलना है. यह सीजन का पहला मैच होगा, जिसका आयोजन 28 मार्च को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा.
