सैमसन ने RR की टीम के साथ छोड़ने की वजह बताई
संजू सैमसन का राजस्थान रॉयल्स के साथ सफर खत्म हो गया है. IPL 2026 में CSK के लिए खेलते हुए दिखेंगे. उन्होंने राजस्थान की टीम से अलग होने की वजह बताई है. सैमसन ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स की टीम में मेरा समय पूरा हो गया था.
दिल्ली: भारत के टी20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने के बाद से संजू सैमसन सुर्खियों में बने हुए हैं, क्योंकि उन्होंने टीम इंडिया को चैंपियन बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी. सैमसन अब IPL 2026 के दौरान एक्शन में नजर आएंगे. टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ने की वजह का खुलासा किया है.
बता दें कि दाएं हाथ का विकेटकीपर बल्लेबाज इस बार आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रतिनिध्त्व करता हुआ नजर आएगा. सीएसके ने सैमसन को ट्रेड के जरिए अपने स्कवॉड में शामिल किया है. आईपीएल के 19वें सीजन में सैमसन RR के खिलाफ खेलते हर नजर आएंगे.
सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़ने की बताई वजह
काफी सारे फैंस के मन में सवाल था कि आखिरकार सैमसन ने राजस्थान रॉयल्स का साथ छोड़कर CSK में शामिल होने का फैसला क्यों लिया? स्टार बल्लेबाज ने इस राज से पर्दा उठा दिया है.
हाल ही में दिए इंटरव्यू में सैमसन ने बताया कि राजस्थान रॉयल्स के साथ उनका समय पूरा हो गया था. अब मैं उनके खिलाफ खेलूंगा और अपना बेस्ट प्रदर्शन करूंगा. इस दौरान मैं इमोशंस को अपने ऊपर हावी होने नहीं दूंगा.
सैमसन ने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के लिए 11 सीजन खेले. जनवरी 2021 से उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंप दी गई थी. RR के साथ सैमसन का सफर बेहद शानदार रहा. उन्होंने राजस्थान की तरफ से खेलते हुए 149 मैचों में 2 शतकों और 23 अर्धशतकों की मदद से 4027 रन बनाए.
धोनी से हो चुकी है बात – सैमसन
IPL 2026 में इस बार सैमसन पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी जैसे दिग्गज के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करते हुए नजर आएंगे. सैमसन ने बताया कि उनकी धोनी से पहले ही बात हो चुकी है और वो आगामी सीजन में उनसे सीखने के लिए काफी उतावले हैं.
