संजू सैमसन का घर पर हुआ भव्य स्वागत
टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब जीतने वाले संजू सैमसन का घर पहुंचने पर शानदार तरीके से वेलकम हुआ. उनके माता-पिता अपने बेटे की सफलता को देखकर थोड़े भावुक नजर आए.
दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी अपने-अपने घर लौट रहे हैं. स्टार बल्लेबाज संजू सैमसन भी अपने होमटाउन तिरुवनंतपुरम पहुंच गए हैं. घर पहुंचने पर जिस तरह से सैमसन के माता-पिता ने उनका वेलकम किया, वो सीन वाकये ही देखने वाला है. CSK ने इस वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है.
शानदार तरीके से हुआ सैमसन का घर पर वेलकम
दाएं हाथ का स्टार बल्लेबाज आज सुबह अपने होमटाउन पहुंचा. सैमसन, जब एयरपोर्ट से बाहर निकले, तो भारी संख्या में फैंस उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे. इस दौरान सैमसन के चेहरे की खुशी देखने लायक रही. इसके बाद, सैमसन कार के जरिए अपने घर के लिए रवाना हुए.
घर पहुंचने पर सैमसन सबसे पहले अपने पिता विश्वनाथ से मिले.उन्होंने संजू को देखते ही झट से गले लगा लिया. ये पल काफी भावुक कर देने वाला रहा. फिर संजू अपनी मां से मिलने पहुंचे, उन्होंने बेटे को गले लगाया और फिर गालों को चूमकर दुलारा. वीडियो में देखने से पता चल रहा है कि मां-बाप अपने बेटे की सफलता से कितने ज्यादा खुश हैं. इस खुशी को महसूस करने के लिए संजू के माता-पिता को सालों तक इंतजार करना पड़ा है.
टी20 वर्ल्ड कप में सैमसन का रहा जलवा
भारत को लगातार दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जिताने में सैमसन का सबसे अहम योगदान रहा. उन्होंने 5 मुकाबलों में 80 से ऊपर की औसत से 321 रन बनाए थे. सैमसन ने वेस्टइंडीज (97*), इंग्लैंड (89) और फिर फाइनल में न्यूजीलैंड (89) के विरुद्ध मैच जिताऊ पारियां खेलीं थीं. अगर सैमसन का बल्ला सही समय पर न चलता, तो शायद टीम इंडिया के हिस्से में खिताब न आता. इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के दम पर सैमसन प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने में सफल रहे.
