Sanju SamsonSanju Samson
Sanju Samson

सैमसन के पास बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका

अहमदाबाद में आज भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच होने वाला है. अगर सैमसन इस मैच में सिर्फ 1 रन भी बनाते हैं, तो उनके नाम खास रिकॉर्ड दर्ज हो जाएगा. सैमसन दूसरे ऐसे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज जाएंगे, जिन्होंने टी20 अन्तर्राष्ट्रीय में एक हजार रन बनाए हों. अब तक ये कारनामा सिर्फ धोनी कर पाए हैं.

दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले कुछ ही घंटों में शुरू होने वाला है, जिसका इंतजार दुनिया के तमाम क्रिकेट प्रेमी कर रहे हैं. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मैच में भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी.

इस महामुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम के फैंस की नजरें संजू सैमसन पर टिकी होंगी, जिन्होंने पिछले दो मुकाबलों में खतरनाक बल्लेबाजी की है. सैमसन के दमदार प्रदर्शन के चलते ही टीम इंडिया फाइनल का सफर तय कर पाई है. फाइनल मुकाबले में धाकड़ बल्लेबाज सैमसन के पास 2 बड़े रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करने का सुनहरा मौका है.

सैमसन ने पिछली दो पारियों में तोड़े कई बड़े रिकॉर्ड

बता दें कि दाएं हाथ के बल्लेबाज ने सुपर-8 के आखिरी मैच वेस्टइंडीज और सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अर्धशतक जड़े थे. विंडीज के विरुद्ध सैमसन के बल्ले से 97* रनों की पारी आई थी.

वहीं, इंग्लिश टीम के खिलाफ उन्होंने भारत को 253 रन का स्कोर खड़ा करने में मदद की थी. इस मुकाबले में सैमसन ने 89 रनों की उपयोगी पारी खेली थी. इन दो पारियों के दौरान सैमसन ने कोहली और रोहित शर्मा जैसे बल्लेबाजों के रिकॉर्ड्स की धज्जियां उड़ा दी थीं.

फाइनल मुकाबले में सैमसन के पास कोहली को पछाड़ने का बेहतरीन मौका है. इसके साथ वह धोनी के खास रिकॉर्ड की बराबरी भी कर सकते हैं.

कोहली का ये रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं सैमसन

दरअसल, टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज विराट कोहली हैं. उन्होंने 2014 टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ 77 रनों की पारी खेली थी. सैमसन अगर फाइनल में 78 रन बना लेते हैं, तो वह कोहली को पीछे छोड़ सकते हैं. सैमसन जिस तरह की फॉर्म में हैं, उसे देखकर तो यही लग रहा है कि वह इस रिकॉर्ड को जरूर अपने नाम कर लेंगे.

धोनी के क्लब में एंट्री लेने के करीब सैमसन

फाइनल मैच में सैमसन एक रन बनाते ही एक अद्भुत रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लेंगे. दरअसल, सैमसन दूसरे ऐसे भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज बन जाएंगे, जिन्होंने टी20 अन्तर्राष्ट्रीय में 1000 रनों के आंकड़े को पार किया है. इस फॉर्मेट में अब तक धोनी ही ऐसा करनामा कर पाए हैं. उन्होंने 98 टी20 में 37.60 की औसत से 1617 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल हैं. सैमसन बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज अब तक 44 मुकाबलों में 999 रन बना चुके हैं, इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 4 पचासे निकले हैं.

टी20 वर्ल्ड कप में सैमसन के प्रदर्शन पर एक नजर

31 वर्षीय सैमसन ने मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में अब तक खेले 4 मैचों में 77.33 की जबरदस्त औसत से 232 रन बनाए हैं, जिसमें 2 पचासे शामिल हैं. इस दौरान सैमसन का स्ट्राइक रेट 201 से ऊपर का रहा है.