Salman Ali Agha
Salman Ali Agha

Overview:

टीम के कप्तान सलमान अली आगा ने अपनी टीम के सेमीफाइनल में ना पहुंचने की बताई वजह

दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की चारों सेमीफाइनलिस्ट टीमों का फैसला हो चुका है. टॉप-4 में पाकिस्तान क्रिकेट टीम जगह बनाने से चूक गई. इस टीम को अपने आखिरी सुपर-8 मैच में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए एक मुश्किल टास्क मिला था, जहां उन्होंने जीत तो दर्ज की, लेकिन चुनौती को पार नहीं कर सके.

सलमान अली आगा ने बताए अपनी टीम के बाहर होने के कारण

पाकिस्तान की टीम के वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद उनके कप्तान, खिलाड़ी और फैंस हर कोई निराश है. श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को 65 रनों से जीत दर्ज करनी थी, लेकिन वो सिर्फ 5 रन से ही मुकाबला जीत सके और आगे के लिए क्वालीफाई नहीं कर सके.

मैन इन ग्रीन के कप्तान सलमान अली आगा ने अपनी टीम के सेमीफाइनल में नहीं पहुंचने की वजह का खुलासा किया है. उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ मैच में हुई चूक को बताया है और अपनी बात रखी है. जिसमें उन्होंने टॉस ना जीत पाने को सबसे बड़ी वजह बताया है.

टॉस हारने के बाद मैच बना चुनौतीपूर्ण

पाकिस्तान के कप्तान ने कहा कि ‘जब मैं टॉस हारा, तभी से चीजें चुनौतीपूर्ण हो गई थीं, क्योंकि ओस एक बड़ा फैक्टर थी. पिच बहुत अच्छी थी और श्रीलंकाई टीम को 148 रनों (सेमीफाइनल क्वालीफाई करने का समीकरण) के भीतर रोकना हमेशा से एक मुश्किल काम था.’ सलमान ने माना कि अगर टॉस उनके पक्ष में होता, तो परिणाम कुछ और हो सकते थे.

उन्होंने आगे अपनी बात को जारी रखते हुए कहा कि ‘ओस ने निश्चित रूप से योजनाओं पर पानी फेरा. हम अपनी रणनीतियों को उस तरह लागू नहीं कर पाए जैसा चाहते थे. उस्मान खान का दिन आज खराब रहा, लेकिन टी20 क्रिकेट में ऐसा होता है. वे अब तक अद्भुत रहे हैं.’

बल्लेबाजों को भी ठहराया जिम्मेदार

अपनी टीम की बल्लेबाजी को उन्होंने दोषी करार देते हुए कहा, ’बल्लेबाजी पूरे टूर्नामेंट में चिंता का विषय रही. साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी की, लेकिन अगर उन्हें मिडिल ऑर्डर से थोड़ा और साथ मिलता, तो नतीजा अलग हो सकता था. हमारा मिडिल ऑर्डर पिछले कुछ सालों से समस्या बना हुआ है, हमें बैठकर इस पर गंभीरता से काम करना होगा.’