यश दयाल IPL से हुए बाहर
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, यश दयाल आईपीएल 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे. उन्होंने निजी कारणों के चलते इस बार सीजन में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है. यश ने आईपीएल के पिछले सीजन में 13 विकेट हासिल किए थे.
दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन से शुरू होने से पहले तेज गेंदबाज यश दयाल ने आरसीबी को बड़ा झटका दे दिया है. दरअसल, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश IPL 2026 में हिस्सा नहीं लेंगे. पिछले सीजन में उन्होंने टीम को ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, 28 वर्षीय यश ने निजी कारणों के चलते IPL 2026 से बाहर होने का फैसला लिया है.
यश दयाल IPL 2026 से हुए बाहर
कुछ दिनों पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि शायद यश इस बार आईपीएल में हिस्सा नहीं लेंगे, क्योंकि RCB का टीम मैनेजमेंट उन्हें कॉन्टैक्ट नहीं कर पा रहा था.
यश ने अपना नंबर भी बदल लिया था, जिसके बारे में उनके बचपन के कोच को भी नहीं पता था. यश पूरी तरह से RCB से कट चुके थे. उन्होंने एक बार भी टीम को इस सीजन में ज्वाइन नहीं किया.
रेप के आरोपों में फंसे हुए हैं यश
IPL 2025 के समापन के बाद यश की जिंदगी में काफी कुछ घटा है. दो लड़कियों ने उनके ऊपर रेप का आरोप लगाया है. इन आरोपों के संबंध में उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई चल रही है. एक मामले में उन्हें कुछ महीने पहले ही राजस्थान की कोर्ट से अग्रिम जमानत मिली थी, जिसके बाद RCB के गेंदबाज यश ने अलग से याचिका दायर की थी.
यश दयाल ने कुछ दिनों पहले ही रचाई शादी
इन आरोपों के बीच यश ने हाल ही में शादी रचाकर सभी को हैरान कर दिया था. उन्होंने श्वेता पुंढीर संग सात फेरे लिए हैं, जो सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा फेमस हैं. दोनों ने एक निजी समारोह में शादी की थी. श्वेता ने हाल ही में अपनी शादी की हल्दी सेरेमनी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की थीं.
RCB ने यश दयाल को किया था रिटेन
पिछले सीजन में यश अपनी टीम के लिए 13 विकेट हासिल करने में कामयाब रहे थे. इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने उन्हें आगामी सीजन के लिए हुए मिनी ऑक्शन से पहले 5 करोड़ में रिटेन कर लिया था. अब देखना दिलचस्प होगा कि RCB की टीम में यश की जगह कौन लेगा?
IPL 2026 के लिए RCB का स्कवॉड
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, जितेश शर्मा, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड (शुरुआती मैचों से बाहर रहेंगे), सुयश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, अभिनंदन सिंह, जैकब बेथेल, स्वप्निल सिंह, नुवान तुषारा, रसिख डार, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, सात्विक देसवाल, मंगेश यादव, जॉर्डन कॉक्स, विक्की ओत्सवाल, विहान मल्होत्रा.
