Dasun Shanaka
Dasun Shanaka

IPL के आगे PSL कमजोर

PSL 2026 शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गया है. ब्लेसिंग मुजरबानी के बाद अब दासुन शनाका भी IPL में शामिल होने की तैयारी में हैं. राजस्थान रॉयल्स उन्हें सैम करन के रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में जोड़ सकती है. लगातार विदेशी खिलाड़ियों का PSL छोड़ना PCB के लिए बड़ी चिंता बन चुका है. चेयरमैन मोहसिन नकवी ने साफ कहा है कि कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी.

दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का नया सीजन 26 मार्च से शुरू होने जा रहा है, लेकिन टूर्नामेंट के आगाज से पहले ही इसे लगातार झटके लग रहे हैं. कई विदेशी खिलाड़ी पीएसएल से किनारा कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का रुख कर रहे हैं, जिससे पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) की चिंता बढ़ती जा रही है.

पीएसएल को एक और बड़ा झटका तब लगा, जब जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने अपना पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से जुड़ने का फैसला किया. उनकी इस पहल ने लीग की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अब इसी बीच, श्रीलंका के सीमित ओवरों के कप्तान दासुन शनाका भी पीएसएल को छोड़कर आईपीएल में शामिल होने की राह पर हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम शनाका को अपने स्क्वाड में शामिल करने के बेहद करीब है और सिर्फ औपचारिकताएं बाकी हैं.

राजस्थान रॉयल्स में शनाका की एंट्री इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम करन की जगह हो सकती है, जो चोट के चलते आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं. ऐसे में टीम को एक संतुलित ऑलराउंडर की जरूरत थी, जिसे शनाका पूरा कर सकते हैं.

गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर में हुए आईपीएल ऑक्शन में दासुन शनाका को कोई खरीदार नहीं मिला था. इसके बाद पीएसएल नीलामी में लाहौर कलंदर्स ने उन्हें 75 लाख पाकिस्तानी रुपये में अपने साथ जोड़ा था. हालांकि, अब उनका ध्यान आईपीएल की ओर जाता नजर आ रहा है.

राजस्थान रॉयल्स द्वारा शनाका को टीम में शामिल करने के पीछे एक मजबूत कारण टीम प्रबंधन भी है. टीम के हेड कोच कुमार संगाकारा और सहायक कोच विक्रम राठौड़, दोनों ही शनाका के खेल से भली-भांति परिचित हैं. संगाकारा श्रीलंका से हैं, जबकि राठौड़ भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उनके साथ काम कर चुके हैं. ऐसे में टीम मैनेजमेंट का उन पर भरोसा जताना स्वाभाविक है.

लगातार खिलाड़ियों के पीएसएल छोड़कर आईपीएल में जाने से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. इस पूरे घटनाक्रम पर पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जो खिलाड़ी पीएसएल कॉन्ट्रैक्ट का उल्लंघन करेंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...