PSL 2026 को विदेशी खिलाड़ियों का झटका
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गई है. सुरक्षा हालात को देखते हुए कई विदेशी खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट से नाम वापस ले लिया है. जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी अब आईपीएल में खेलेंगे. स्पेंसर जॉनसन, गुडाकेश मोती, टाइमल मिल्स और डेविड वीजे भी लीग से हट चुके हैं. इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने भी ऑफर ठुकरा दिया. इससे पीएसएल की तैयारियों पर असर पड़ता दिख रहा है.
दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग (PSL 2026) के नए सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होने जा रहा है. इस बार टूर्नामेंट को और बड़ा बनाया गया है. पहले जहां लीग में 6 टीमें हिस्सा लेती थीं, वहीं इस सीजन में टीमों की संख्या बढ़ाकर 8 कर दी गई है. टीमों की संख्या बढ़ने के कारण मुकाबलों की संख्या भी बढ़ेगी और फाइनल सहित कुल 44 मैच खेले जाएंगे.
सुरक्षा हालात को लेकर बढ़ी चिंता
पाकिस्तान में मौजूदा समय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. इसी कारण विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है. हालात को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने अपने उन खिलाड़ियों को सावधानी बरतने की सलाह दी है जो पीएसएल 2026 में हिस्सा लेने वाले थे. इसके बाद कई विदेशी खिलाड़ियों ने पाकिस्तान जाने को लेकर दोबारा विचार करना शुरू कर दिया है और कुछ ने तो लीग से अपना नाम भी वापस ले लिया है.
ब्लेसिंग मुजरबानी ने पीएसएल की जगह आईपीएल चुना
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी को इस्लामाबाद यूनाइटेड ने अपने साथ जोड़ा था, लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के मौजूदा हालात को देखते हुए पीएसएल में नहीं खेलने का फैसला किया. मुजरबानी अब इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेलते नजर आएंगे.
स्पेंसर जॉनसन और गुडाकेश मोती ने भी किया किनारा
ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को क्वेटा ग्लेडिएटर्स की टीम ने पीएसएल के लिए चुना था, लेकिन उन्होंने निजी कारणों का हवाला देते हुए पहले ही इस लीग से दूरी बना ली थी. वहीं, वेस्टइंडीज के बाएं हाथ के स्पिनर गुडाकेश मोती ने भी टूर्नामेंट से अपना नाम वापस ले लिया है. रिपोर्ट्स के अनुसार मोती आने वाले आईपीएल सीजन में किसी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ सकते हैं.
टाइमल मिल्स और डेविड वीजे भी नहीं खेलेंगे
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज टाइमल मिल्स और नामीबिया के अनुभवी खिलाड़ी डेविड वीजे भी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने पहले ही पीएसएल से हटने का फैसला कर लिया था. इन खिलाड़ियों के हटने से लीग पर असर पड़ता दिखाई दे रहा है.
हैरी ब्रूक ने भी प्रस्ताव ठुकराया
इंग्लैंड की सीमित ओवरों की टीम के कप्तान हैरी ब्रूक से लाहौर कलंदर्स ने पीएसएल 2026 में खेलने के लिए संपर्क किया था. हालांकि, ब्रूक ने इस ऑफर को स्वीकार नहीं किया और पाकिस्तान में खेलने से इनकार कर दिया.
अफगान खिलाड़ियों ने भी बनाई दूरी
इस बार पीएसएल में अफगानिस्तान के खिलाड़ी भी नजर नहीं आएंगे. मोहम्मद नबी, मुजीब उर रहमान, फजलहक फारूकी और सादिकुल्लाह अटल जैसे खिलाड़ियों ने शुरुआत में ऑक्शन के लिए अपना नाम दिया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना निर्णय बदलते हुए नाम वापस ले लिया. इसके अलावा रहमनुल्लाह गुरबाज, जिन्हें पेशावर जाल्मी ने ऑक्शन से पहले सीधे साइन किया था, उन्होंने भी लीग में खेलने से मना कर दिया.
विदेशी खिलाड़ियों के लगातार हटने से पाकिस्तान सुपर लीग के आगामी सीजन की तैयारियों पर असर पड़ता नजर आ रहा है. अब देखना होगा कि पीसीबी इन हालातों में लीग को सफल बनाने के लिए क्या कदम उठाता है.
