PAK vs BAN 2026
PAK vs BAN 2026

बांग्लादेश ने रोमांचक मैच में पाकिस्तान को हराया

बांग्लादेश ने निर्णायक वनडे में पाकिस्तान को 11 रन से हराकर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली. पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने 290 रन बनाए. जवाब में पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आगा ने शानदार 106 रन बनाए, लेकिन टीम जीत से चूक गई. तस्कीन अहमद ने 4 विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी तोड़ी. आखिरी ओवर में रिशाद हुसैन की सटीक गेंदबाजी ने मैच पूरी तरह बांग्लादेश के पक्ष में कर दिया.

दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. अब 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के बीच टीम को बांग्लादेश दौरे पर भी झटका लगा है. शाहीन शाह अफरीदी की कप्तानी में खेल रही पाकिस्तानी टीम को तीसरे और निर्णायक वनडे में हार का सामना करना पड़ा. मेजबान बांग्लादेश ने रोमांचक मुकाबले में 11 रन से जीत दर्ज कर सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली.

बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए खड़ा किया बड़ा स्कोर

निर्णायक मुकाबले में बांग्लादेश ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 290 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया. टीम के बल्लेबाजों ने संयमित प्रदर्शन किया और पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा. लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने अंत तक मुकाबले को जिंदा रखा, लेकिन जीत से 11 रन दूर रह गई.

तस्कीन अहमद की घातक गेंदबाजी

बांग्लादेश की जीत में तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद की भूमिका बेहद अहम रही. उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 49 रन खर्च कर चार विकेट झटके और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की रीढ़ तोड़ दी. उनकी घातक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तान के कई बल्लेबाज टिक नहीं पाए.

सलमान अली आगा का शतक बेकार

पाकिस्तान की ओर से सलमान अली आगा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 106 रन की शतकीय पारी खेली, लेकिन उनकी यह मेहनत टीम को जीत दिलाने में नाकाम रही. अंत के ओवरों में कप्तान शाहीन अफरीदी ने भी 38 गेंदों में 37 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन बांग्लादेश के गेंदबाजों ने आखिरी क्षणों में शानदार वापसी की.

मुस्तफिजुर और रिशाद की सटीक गेंदबाजी ने पलटा मैच

मुकाबले के अंतिम ओवरों में बांग्लादेश के गेंदबाजों ने जबरदस्त धैर्य और सटीकता दिखाई. मुस्तफिजुर रहमान ने चोट के बावजूद 49वें ओवर की आखिरी गेंद फेंककर हारिस रऊफ को आउट किया और पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया. उन्होंने अपने 10 ओवर में 54 रन देकर तीन विकेट हासिल किए.

आखिरी ओवर में पाकिस्तान को जीत के लिए 14 रन चाहिए थे. गेंदबाजी की जिम्मेदारी रिशाद हुसैन को मिली. उन्होंने पहली दो गेंदों पर शाहीन अफरीदी को कोई रन नहीं बनाने दिया. तीसरी गेंद पर अफरीदी ने दो रन लिए, जिससे तीन गेंदों पर 12 रन की जरूरत रह गई. चौथी गेंद पर भी कोई रन नहीं बना. पांचवीं गेंद को पहले वाइड दिया गया, लेकिन रिव्यू के बाद फैसला पलट गया और वह भी डॉट बॉल साबित हुई. आखिर में रियाद ने अंतिम गेंद पर अफरीदी को आउट कर बांग्लादेश को यादगार जीत दिला दी.

गौरतलब है कि इस ओवर से पहले रिशाद हुसैन ने 6 ओवर में 54 रन खर्च किए थे, लेकिन अपने सातवें ओवर में उन्होंने सिर्फ दो रन दिए और एक अहम विकेट लेकर मैच का रुख बांग्लादेश की ओर मोड़ दिया.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...