Pakistan Team All-out on 114 in 1st ODI Against Bangladesh
Pakistan Team All-out on 114 in 1st ODI Against Bangladesh

बांग्लादेश को जीत के लिए मिला 115 रनों का लक्ष्य

ढाका में बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच हो रहा है. इस मैच में पाकिस्तान की टीम पहले खेलने उतरी और 114 रनों पर सिमट गई. नाहिद राणा 5 विकेट लेने में सफल रहे.

दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप से पाकिस्तान टीम का सफर सुपर-8 राउंड के खत्म होने से पहले ही खत्म हो गया था. टीम एक बार फिर आईसीसी टूर्नामेंट जीतने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई थी. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के साथ-साथ टीम के फैंस भी अपने खिलाड़ियों के प्रदर्शन से काफी दुखी नजर आए.

मौजूदा समय में पाकिस्तान टीम बांग्लादेश के दौरे पर है. दोनों टीमों के बीच आज ढाका में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है, जिसमें पाकिस्तान टीम की हालत टाइट नजर आ रही है. पहले खेलते हुए पाकिस्तान टीम 30.4 ओवरों में सिर्फ 114 रन बना पाई.

114 रनों पर सिमटी पाकिस्तान की पूरी टीम

बांग्लादेश के इस दौरे पर पाकिस्तान टीम की अगुवाई शाहीन अफरीदी कर रहे हैं. बाबर आजम, शादाब खान, नसीम शाह, सईम अयूब और मोहम्मद नवाज जैसे प्रमुख प्लेयर्स को टीम से बाहर कर दिया गया है और युवा खिलाड़ियों को चांस दिया गया है.

हालांकि, पीसीबी का ये फैसला पूरी तरह से गलत साबित होता नजर आ रहा है. ढाका में हो रहे इस पहले वनडे में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 114 रनों पर ऑलआउट हो गई.

नाहिद राणा और मेहदी हसन मिराज की खतनराक गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी बल्लेबाज फिसड्डी साबित हुए. टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज फहीम अशरफ (37) रहे. वह इकलौते बल्लेबाज रहे, जिन्होंने 30 रनों के आंकड़े को पार किया.

साहिबजादा फरहान और मोहम्मद रिजवान हुए फ्लॉप

टी20 वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले साहिबजादा फरहान का बल्ला बांग्लादेश के सामने खामोश रहा. वह 38 गेंदों में 27 रन बना पाए. वहीं, टी20 वर्ल्ड कप की टीम से ड्रॉप होने वाले मोहम्मद रिजवान महज 10 रन का योगदान दे पाए. सलमान आगा का फ्लॉप शो बांग्लादेश के खिलाफ भी जारी रहा. वह 5 रन ही बना सके. कप्तान शाहीन के बल्ले से 4 रन निकले.

नाहिद राणा ने खोला पंजा

इस मुकाबले में 23 साल के युवा गेंदबाज नाहिद ने कमाल की गेंदबाजी की. उन्होंने 7 ओवरों के स्पेल में सिर्फ 24 रन देकर 5 बल्लेबाजों का शिकार किया. उनके अलावा कप्तान मेहदी हसन ने भी पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर कोई रहम नहीं दिखाया. उन्होंने 10 ओवरों में 29 रन खर्च करके 3 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई.

बांग्लादेश को जीत के लिए मिला 115 रन का टारगेट

मेजबान टीम बांग्लादेश को इस मुकाबले को जीतने के लिए 115 रनों का आसान टारगेट मिला है. पूरी उम्मीद है कि बांग्लादेशी टीम अपने घरेलू टीम पर इस लक्ष्य को आसानी से चेज कर लेगी और सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल करने में सफल रहेगी.