मुख्य बिंदु:
लाहौर में शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया.
दिल्ली: लाहौर में शुक्रवार को खेले गए दूसरे टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले में पाकिस्तान के पूर्व कप्तान बाबर आजम ने एक बड़ा कारनामा कर दिखाया. उन्होंने भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा को पछाड़ते हुए पुरुषों के टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए. इस मुकाबले में पाकिस्तान ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार जीत हासिल की.
रोहित शर्मा का रिकॉर्ड टूटा
इस मैच से पहले बाबर आजम को रोहित शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए सिर्फ 9 रनों की जरूरत थी. उन्होंने स्पिनर डोनोवन फरेरा की गेंद पर एक रन लेकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की. बाबर ने 11 रन बनाकर नाबाद पारी खेली और इसी के साथ अपने टी-20 करियर में 4,234 रन पूरे कर लिए. उन्होंने रोहित शर्मा के 4,231 रनों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया.
हालांकि, रन के मामले में बाबर ने रोहित को पीछे छोड़ा है, लेकिन स्ट्राइक रेट के लिहाज से भारतीय कप्तान उनसे आगे हैं.
एक साल बाद टी20 टीम में वापसी
बाबर आजम ने लगभग एक साल बाद पाकिस्तान की टी20 टीम में वापसी की है. फखर ज़मान को आराम दिए जाने के बाद उन्हें टीम में शामिल किया गया था. रावलपिंडी में खेले गए पहले मैच में बाबर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए थे, जिससे वह रिकॉर्ड से चूक गए थे. मगर दूसरे मुकाबले में उन्होंने यह बड़ा मील का पत्थर पार कर लिया.
रोहित शर्मा का T20I करियर
भारत को पिछले साल टी20 विश्व कप का खिताब दिलाने के बाद रोहित शर्मा ने इस फॉर्मेट से संन्यास ले लिया था. उन्होंने अपने करियर में 159 टी20 अंतर्राष्ट्रीय मुकाबले खेले, जिनमें उन्होंने 4,231 रन बनाए. वहीं, बाबर आजम ने अब तक 130 टी20 मैचों में 4,234 रन बना लिए हैं, जिनमें तीन शतक और 36 अर्धशतक शामिल हैं.
