MS Dhoni
MS Dhoni

धोनी ने दिखाए 'डांस मूव'

धोनी को लोग 'कैप्टन कूल' के नाम से जानते हैं. वह बहुत ही कम मौकों पर मस्ती के मूड में नजर आते हैं. IPL 2026 के आगाज से पहले CSK के प्री-ट्रेनिंग कैंप में धोनी का मजाकिया अंदाज देखने को मिला.

दिल्ली: चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी IPL 2026 से पहले टीम के पहले प्रैक्टिस सेशन के दौरान मस्ती के मूड में नजर आए. वह नेट्स में बल्लेबाजी के दौरान अपने डांस मूव दिखाते नजर आए. धोनी के डांस का मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

धोनी ने लगाए ‘ठुमके’

बता दें कि सीएसके ने आगामी सीजन की तैयारी के लिए चेन्नई में अपना प्री-ट्रेनिंग कैंप लगाया हुआ है, जिसकी शुरुआत 1 मार्च से हुई. धोनी, कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, मुकेश चौधरी, राहुल चाहर और आयुष म्हात्रे समेत कई प्लेयर्स इस कैंप के साथ जुड़ चुके हैं.

धोनी के कैंप से जुड़ने के साथ ही सीएसके के फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. फैंस उन्हें नेट्स में बल्लेबाजी करते हुए देखकर ही काफी खुश हो रहे हैं.

गत रविवार को नेट्स में बल्लेबाजी करते समय धोनी काफी मस्ती के मूड में दिखे. धोनी चेन्नई सुपर किंग्स की नई ट्रेनिंग जर्सी में नजर आए, जहां उन्होंने शानदार टाइमिंग के साथ कुछ बेहतरीन पुल शॉट्स और ऊंचे शॉट्स लगाए. इसी दौरान, एक गेंद को छोड़ने के बाद उन्होंने बड़े ही मजेदार अंदाज में डांस किया. उन्हें हवा में हाथ उठाकर बच्चों की तरह कूदते हुए देखा गया, जिससे उनके मजाकिया और खुशमिजाज अंदाज की झलक मिली.

आप भी देखें यह वीडियो:

बता दें कि संजू सैमसन और शिवम दुबे जैसे स्टार खिलाड़ी मौजूदा समय में टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के स्कवॉड का हिस्सा हैं, इसी वजह वे इस ट्रेनिंग कैंप में अभी शामिल नहीं हो सके. सैमसन-दुबे 8 मार्च को टूर्नामेंट के समापन के बाद, CSK के प्री-ट्रेनिंग कैंप में रिपोर्ट करेंगे.

CSK की नजर अपने छठे खिताब पर

चेन्नई सुपर किंग्स की नजरें इस बार आईपीएल का अपना छठा खिताब जीतने पर होंगी. आईपीएल के पिछले सीजन में सीएसके का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 4 मैच जीत पाई थी. चेन्नई अंक तालिका में सबसे आखिरी पायदान पर रहते हुए प्लेऑफ की रेस से बाहर हुई थी. फैंस को पूरी उम्मीद है कि इस बार उनकी टीम ट्रॉफी पर कब्जा जमाने में जरूर कामयाब होगी.