वॉन ने बताई भारत की जीत की वजह
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 को लेकर बड़ा बयान दिया. उनका कहना है कि दक्षिण अफ्रीका की रणनीतिक गलती से भारत को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने का मौका मिला. वॉन के मुताबिक अगर दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज से हार जाता तो भारत सेमीफाइनल में नहीं पहुंच पाता. भारत ने बाद में जिम्बाब्वे, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड को हराया और फाइनल में न्यूजीलैंड को मात देकर तीसरी बार खिताब जीत लिया.
दिल्ली: इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 को लेकर एक दिलचस्प बयान दिया है. उनका मानना है कि दक्षिण अफ्रीका की एक ‘रणनीतिक गलती; के कारण भारतीय टीम को टूर्नामेंट में आगे बढ़ने और आखिरकार तीसरी बार खिताब जीतने का मौका मिला.
दक्षिण अफ्रीका की रणनीति पर उठाए सवाल
माइकल वॉन ने एक क्रिकेट पॉडकास्ट में चर्चा के दौरान कहा कि टूर्नामेंट में उन्हें सबसे “मूर्ख” टीम दक्षिण अफ्रीका लगी. उनके मुताबिक सुपर-8 चरण में अगर दक्षिण अफ्रीका वेस्टइंडीज के खिलाफ हार जाता, तो भारत के लिए सेमीफाइनल में पहुंचने का रास्ता बंद हो सकता था. उस स्थिति में भारत की जगह वेस्टइंडीज अंतिम चार में पहुंचती और भारतीय टीम को खिताब जीतने का मौका ही नहीं मिलता.
वॉन का तर्क है कि बड़े टूर्नामेंट में जीतने के लिए सबसे मजबूत टीम को समय रहते बाहर करना जरूरी होता है. उनका कहना था कि दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच जीतकर भारत के लिए रास्ता आसान कर दिया और यही उनकी सबसे बड़ी रणनीतिक चूक साबित हुई.
भारत के जीत के सिलसिले पर वॉन की टिप्पणी
माइकल वॉन ने आगे कहा कि उस मुकाबले के बाद भारतीय टीम का जीत का सिलसिला लगातार जारी रहा. उनके अनुसार, भारत ने पहले जिम्बाब्वे को हराया, फिर एक तरह के क्वार्टर फाइनल जैसे मुकाबले में वेस्टइंडीज को मात दी और उसके बाद सेमीफाइनल में इंग्लैंड को पराजित किया.
तीसरी बार टी20 विश्व कप चैंपियन बना भारत
आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया. भारत ने फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया. इसके साथ ही भारतीय टीम टी20 विश्व कप तीन बार जीतने वाली पहली टीम बन गई और अपने ही देश में ट्रॉफी उठाने का गौरव भी हासिल किया.
