RCB के फैंस को मिली बड़ी खुशखबरी
IPL 2026 के शुरू होने से पहले कर्नाटक सरकार ने एम. चिन्नास्वामी को आईपीएल 2026 में मैचों की मेजबानी करने की अनुमति दे दी है. KSCA के प्रयासों के बाद ही ये संभव हो पाया है. IPL 2026 के पहले फेज में चिन्नास्वामी के मैदान पर 5 मैच होंगे.
दिल्ली: IPL 2026 की शुरुआत से पहले बेंगलुरु के फैंस के लिए एक राहत वाली खबर सामने आई है. दरअसल, कर्नाटक सरकार ने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ यानी KSCA को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आईपीएल मैचों की मेजबानी करने की अनुमति दे दी है. पहले इस वेन्यू पर मैच होने को लेकर सस्पेंस बना हुआ था.
एम. चिन्नस्वामी स्टेडियम में मैच करवाने की मिली अनुमति
बता दें कि आईपीएल 2026 का पहला मुकाबला 28 मार्च को आरसीबी और सनराइडर्स हैदराबाद के बीच चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है, जिसे लेकर फैंस काफी ज्यादा उत्साहित हैं.
KSCA के सचिव संतोष मेनन ने इस बात की पुष्टि की है कि कर्नाटक की राज्य सरकार द्वारा इस मैदान पर आईपीएल 2026 में मैचों को करवाने की अनुमति मिल गई है.
उन्होंने क्रिकबज से बातचीत में बताया कि 13 मार्च को एक्सपर्ट की टीम ने स्टेडियम के बुनियादी ढांचे में हुए बदलावों का निरीक्षण किया था, जिससे वह संतुष्ट नजर आए थे. इसके बाद कमेटी द्वारा इसकी रिपोर्ट कर्नाटक सरकार को सौंपी गई थी और उनके द्वारा चिन्नास्वामी के मैदान पर आईपीएल 2026 में मैच आयोजित करवाने का फैसला लिया गया.
एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम को मिली हरी झंडी
इस बारे में जानकारी देते हुए KSCA ने मीडिया रिलीज में बताया,
‘हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि आज विधान सौधा में कर्नाटक के गृह मंत्री डॉ. जी. परमेश्वर की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन हुआ. इस बैठक में एक्सपर्ट कमेटी के साथ-साथ केएससीए, आरसीबी और डीएनए के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया. बैठक के दौरान, कमेटी ने अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और सुरक्षा मानकों का पूरा ब्यौरा दिया गया है’
रिपोर्ट में आगे बताया गया, एक्सपर्ट कमेटी की सिफारिशों और सुरक्षा इंतजामों को लेकर हुई बातचीत के बाद, गृह मंत्री ने बेंगलुरु के ऐतिहासिक एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आगामी सीजन में आईपीएल मैचों के आयोजन करने को लेकर आधिकारिक तौर पर मंजूरी दे दी है.
IPL 2026 के पहले फेज में एम. चिन्नास्वामी करेगा 5 मैचों की मेजबानी
आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच एम. चिन्नास्वामी के मैदान पर ही खेला जाना है, जिसमें RCB की टक्कर SRH से होगी. यह मैच 28 मार्च को शाम 7.30 बजे से शुरू होगा. इस मैच के अलावा चिन्नास्वामी आईपीएल 2026 के पहले फेज में 4 और मुकाबलों की मेजबानी करेगा.
