एनगिडी ने बनाया बड़ा रिकॉर्ड
लुंगी एनगिडी टी20 अन्तर्राष्ट्रीय में साउथ अफ्रीका के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. पहले ये रिकॉर्ड तबरेज शम्सी के नाम दर्ज था.
दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप के 51वें मुकाबले में जिम्बाब्वे की टक्कर साउथ अफ्रीका से हो रही है. दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में हो रहे इस मैच में जिम्बाब्वे ने साउथ अफ्रीका के सामने जीत के लिए 154 रनों का लक्ष्य रखा है. इस मैच में जिम्बाब्वे की पारी के दौरान तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करते हुए रच दिया.
लुंगी एनगिडी ने बनाया धांसू रिकॉर्ड
दरससल, दाएं हाथ के तेज गेंदबाज एनगिडी अब टी20 अन्तर्राष्ट्रीय में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में साउथ अफ्रीका के पहले गेंदबाज बन गए हैं.
इससे पहले ये रिकॉर्ड टीम के प्रीमियम स्पिनर तबरेज शम्सी के नाम दर्ज था. उन्होंने 70 टी20 अन्तर्राष्ट्रीय मुकाबलों में 20.89 की औसत से 89 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, एनगिडी ने 63 मैचों में 20.48 की औसत से 90 विकेट अपने नाम दर्ज कर लिए हैं.
एनगिडी को शम्सी से आगे निकलने के लिए सिर्फ 1 विकेट की दरकार थी, उन्होंने रयान बर्ल को आउट करके ये उपलब्धि हासिल की. इस लिस्ट में रबाडा तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 82 विकेट झटके हैं.
| खिलाड़ी | मैच | विकेट |
| लुंगी एनगिडी | 63 | 90 |
| तबरेज शम्सी | 70 | 89 |
| कगिसो रबाडा | 78 | 82 |
| डेल स्टेन | 47 | 64 |
| इमरान ताहिर | 35 | 61 |
साउथ अफ्रीका को मिला आसान लक्ष्य
सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को एक आसान लक्ष्य मिला है. जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और पूरे ओवर खेलने के बाद कप्तान सिकंदर रजा की 73 रनों की पारी की मदद से 153 रन बनाए हैं. प्रोटियाज टीम को इस मैच में जिम्बाब्वे को पराजित करने के लिए 154 रन बनाने हैं.
