Jasprit Bumrah to Foucs on ODIs
Jasprit Bumrah to Foucs on ODIs

बुमराह को लेकर आई बड़ी खबर

PTI की रिपोर्ट के अनुसार, बुमराह अब आने वाले समय में ज्यादा वनडे मुकाबले खेलते नजर आएंगे. BCCI चाहता है कि उनका पूरा फोकस अब वनडे मैचों पर रहे, जिससे वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए उनकी तैयारी हो सके.

दिल्ली: जसप्रीत बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप में काफी जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए 14 विकेट अपने नाम किए थे और भारत को ट्रॉफी जिताने में अहम रोल अदा किया. अब बुमराह की नजरें 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर टिकी हैं. इसी मिशन को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी BCCI ने बुमराह को लेकर एक अहम फैसला लिया है. पीटीआई की रिपोर्ट की मानें, तो बुमराह अब आने वाले महीनों में T20I के बजाय वनडे क्रिकेट को ज्यादा तवज्जो देंगे.

बुमराह अब खेलेंगे ज्यादा वनडे मैच

बता दें कि 2027 वर्ल्ड कप का आयोजन साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की सह-मेजबानी में होगा. बीसीसीआई चाहता है कि बुमराह इस बड़े टूर्नामेंट में खेलने के लिए पूरी तरह से फिट और तरो-ताजा रहें.

इस संदर्भ में BCCI के एक सूत्र ने पीटीआई को बताया कि बुमराह के वर्कलोड को मैनेज करने के लिए उन्हें द्विपक्षीय T20 सीरीज से आराम दिया जा सकता है, ताकि वे ज्यादा से ज्यादा वनडे खेल सकें.

बुमराह मौजूदा समय में तीनों फॉर्मेट में भारतीय टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज हैं. टी20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद, अब टीम इंडिया 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप पर कब्जा जमाना चाहती है, जिसके लिए योजना तैयार की जा रही है. 2027 के इस मिशन को देखते हुए बुमराह को टेस्ट और वनडे सेटअप में फिट रखना टीम के लिए सबसे जरूरी है.

बुमराह को लेकर रिस्क नहीं लेना चाहता BCCI

बुमराह के संदर्भ में बात करते हुए बीसीसीआई के सुत्र ने PTI को बताया,

‘इस बात में कोई शक नहीं है कि भारत के लिए किसी भी ICC टूर्नामेंट में बुमराह की फिटनेस सबसे अहम होती है. इसलिए, भारतीय टीम मैनेजमेंट को बहुत सावधान रहना होगा और फॉर्मेट के हिसाब से बुमराह की प्राथमिकता तय करनी होगी. टेस्ट क्रिकेट को अलग रखें, जिसे वे निश्चित रूप से खेलेंगे, लेकिन वनडे वर्ल्ड कप को देखते हुए, उनका पूरा ध्यान वनडे मैचों पर रहेगा. अगले कुछ समय में लगभग 30-35 वनडे मैच होने हैं और हम उनकी फिटनेस को लेकर कोई रिस्क नहीं ले सकते.’

बता दें कि बुमराह ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप के बाद से इस फॉर्मेट में कोई भी मुकाबला नहीं खेला है. वह चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में टीम इंडिया के दल का हिस्सा थे, लेकिन बैक इंजरी के चलते इवेंट में हिस्सा नहीं ले पाए थे. हर्षित राणा ने बुमराह को चैंपियंस ट्रॉफी में रिप्लेस किया था.