पंजाब किंग्स की टीम अपनी तैयारियों में कोई कसर नहीं छोड़ रही
IPL 2025 में पंजाब किंग्स की टीम ट्रॉफी के करीब पहुंचकर भी उसे उठा नहीं पाई थी. शायद यही वजह है कि फ्रेंचाइजी इस बार कसर को पूरा करने के लिए अभी से मैदान पर पसीना बहाने में जुट गई है.
दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के समापन के बाद, क्रिकेट फैंस को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का रोमांच देखने को मिलेगा. विश्व की इस सबसे बड़ी लीग के आगामी सीजन की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मैच 31 मई को खेला जाएगा. 19वें सीजन के लिए पिछले साल दिसंबर में मिनी ऑक्शन का आयोजन भी हुआ था, जिसमें कई प्लेयर्स की चांदी हुई थी. इसी बीच पंजाब किंग्स की टीम ने आईपीएल 2026 के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है.
पंजाब किंग्स ने दुबई में लगाया ट्रेनिंग कैंप
पंजाब किंग्स की फ्रेंचाइजी अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में 8 से 14 फरवरी तक एक विदेशी ट्रेनिंग कैंप आयोजित कर रही है. इस ट्रेनिंग कैंप में टीम के कई प्रमुख प्लेयर्स हिस्सा ले रहे हैं. इसमें युजवेंद्र चहल, शशांक सिंह, प्रभसिमरन सिंह, नेहल वढेरा, हरप्रीत बरार, पायला अविनाश, विशाल निषाद, प्रियांश आर्या, यश ठाकुर और प्रवीण दुबे का नाम शामिल है. एक हफ्ते तक चलने वाले इस कैंप का मुख्य उद्देश्य आगामी सीजन से पहले फिटनेस, मैच सिमुलेशन और टीम के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना है.
मालूम हो कि इससे पहले फ्रेंचाइजी ने उदयपुर में भी एक ट्रेनिंग कैंप लगाया था, जो 16 से 20 जनवरी तक चला था. उस दौरान कई सीनियर और युवा प्लेयर्स ने एक साथ मिलकर अभ्यास किया था. फ्रेंचाइजी को पूरी उम्मीद है कि सीजन के दौरान खिलाड़ियों को इन ट्रेनिंग सत्रों का भरपूर फायदा मिलेगा.
IPL 2025 में टूटा था पंजाब किंग्स का दिल
आईपीएल के पिछले सीजन में पंजाब किंग्स ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी में बेहद ही शानदार प्रदर्शन किया था. टीम फाइनल में प्रवेश करने में कामयाब रही थी. हालांकि, अंतिम पड़ाव पर पीबीकेएस को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हाथों शिकस्त झेलनी पड़ी थी. सीजन के दौरान कप्तान अय्यर, प्रभसिमरन सिंह, प्रियांश आर्या और अर्शदीप सिंह जैसे खिलाड़ियों की तरफ से काबिलेतारीफ प्रदर्शन देखने को मिला था. इस बार टीम की कोशिश ख़िताब तक पहुंचने की होगी.
