Travis Head Abhishek Sharma batting ipl 2024

दिल्ली: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के मुख्य कोच और न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान डेनियल विटोरी ने शुक्रवार को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ़ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 के क्वालीफायर 2 मुकाबले से पहले कई मुद्दों पर बात की. मालूम हो कि हैदराबाद की टीम ने लीग चरण में शानदार प्रदर्शन किया था, जहां वे अपने आक्रामक क्रिकेट के दम पर अंक तालिका में दूसरे स्थान पर रहे थे. हालांकि, क्वालीफायर 1 में वे श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से 8 विकेट से हार गए. विटोरी ने कहा कि सनराइजर्स ‘करो या मरो’ वाले मुकाबले में कड़ी मेहनत करना चाहेंगे.

यह भी पढ़ें – ‘वह हीरो बनते हैं’, भारत के खिलाफ सीरीज नहीं होने से नाराज़ हुए पाकिस्तान के पूर्व बैटर, अपने ही देश की सरकार को सुनाई खरी-खोटी

विटोरी ने आईपीएल की वेबसाइट पर एक वीडियो में कहा, “इसे लेकर बहुत उत्साहित हूं. ये ऐसी परिस्थितियां हैं, जिनके लिए आप पूरे सीजन में तैयारी करते हैं और कड़ी मेहनत करते हैं और टीम ने कई अलग-अलग परिस्थितियों में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. अब हमारे पास एक ऐसा मैच है, जिसमें जीत बेहद जरूरी है.”

विटोरी ने यह भी कहा कि ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा को ट्रेंट बोल्ट, रविचंद्रन अश्विन और संदीप शर्मा वाले राजस्थान के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी होगी.

उन्होंने आगे कहा, “हम समझते हैं कि हमने अपने पावरप्ले के कारण इतना अच्छा प्रदर्शन किया है. अभिषेक और ट्रैविस हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण होंगे, इसलिए बोल्ट, अश्विन और संदीप के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करना होगा.”

45 साल के विटोरी ने कहा, “आईपीएल के पूरे सीजन में ऐसा होता है कि ज़्यादातर टीमें चार से पांच मैच हार जाती हैं, इसलिए आपको पता होता है कि हार के बाद कैसे वापसी करनी है और मुझे लगता है कि यह बहुत ज़रूरी है और आपको उन्हें यह भरोसा दिलाते रहना चाहिए कि उन्होंने कितना अच्छा प्रदर्शन किया है. फ़ाइनल और इस महत्वपूर्ण मैच में पहुंचने के लिए उन्होंने क्या किया है.”

भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी की बदौलत SRH ने RR को एक रन से दी शिकस्त

अब से पहले, जब राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद की भिड़ंत राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में हुई थी, तो हैदराबाद ने 1 रन से जीत दर्ज की थी. इस दौरान, स्टार तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने 41 रन देकर 3 लिए थे, जिसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...