Indian Women's Cricket Team
Indian Women's Cricket Team

लॉरियस स्पोर्ट ने भारतीय टीम को किया नॉमिनेट

पिछले साल महिला वर्ल्ड कप जीतने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को लॉरियस स्पोर्ट ने एक बड़े अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया है.

दिल्ली: भारतीय मेंस क्रिकेट टीम के साथ-साथ भारत की महिला क्रिकेट टीम भी अब नई ऊंचाइयों को छूने में जुटी हुई है. हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में टीम ने पिछले साल वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास रचा था. इसी बीच टीम के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई है. दरअसल, भारतीय महिला क्रिकेट टीम को 2026 लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर के अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है. यह पहला मौका है, जब दुनिया की किसी महिला क्रिकेट टीम को ये सम्मान मिला है.

भारत ने फाइनल में साउथ अफ्रीका को दी थी मात

बता दें कि वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन देखने लायक था. हरमनप्रीत कौर की सेना ने सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 339 रनों के पहाड़ जैसे लक्ष्य को चेज किया था. इसके बाद, भारत की लड़कियों ने फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रनों से धूल चटाकर ख़िताब पर कब्जा जमाया था.

लॉरियस स्पोर्ट ने एक प्रेस रिलीज में कहा,

‘ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्रिकेट वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने महिला वनडे इतिहास का सबसे बड़ा सफल रन चेज करके दिखाया. इसके बाद साउथ अफ्रीका को हराकर अपना पहला खिताब जीता. वे इस अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम हैं.’

भारतीय टीम के अलावा इस अवॉर्ड के लिए इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम, यूरोपियन राइडर कप टीम, पेरिस सेंट-जर्मेन और मैकलारेन फॉर्मूला 1 जैसी ग्लोबल टीमों को नॉमिनेट किया गया है.

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर है भारतीय टीम

मौजूदा समय में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है. जहां दोनों टीमें टी20 और वनडे सीरीज खेल चुकी हैं. अब इनके बीच एकमात्र टेस्ट होना बाकी है, जिसकी शुरुआत 6 मार्च से होगी. ये मैच पर्थ में खेला जाना है.