बारिश से मैच रद्द होने पर कौन खेलेगा सेमीफाइनल?
भारत और वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में एंट्री लेने की दहलीज पर खड़ी हैं. दोनों टीमें अपना अगला मैच एक-दूसरे के खिलाफ 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में होना है. जानें बारिश की वजह से इस मैच के रद्द होने के बाद, वेस्टइंडीज को सेमीफाइनल का टिकट मिलेगा.
दिल्ली: भारत और वेस्टइंडीज की टीम सेमीफाइनल में एंट्री पाने से सिर्फ एक कदम दूर हैं. दोनों टीमें 1 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में आमने-सामने होंगी और जो भी टीम विजेता बनेगी, उसका सेमीफाइनल का टिकट पक्का हो जाएगा. इस तरह से देखा जाए, तो भारत और वेस्टइंडीज के लिए ये मुकाबला वर्चुअल नॉकआउट की तरह है.
इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल का टिकट किया हासिल
बता दें कि हैरी ब्रूक की अगुवाई वाली इंग्लैंड की टीम सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम रही. इसके बाद, गत गुरुवार को भारत की जिम्बाब्वे के खिलाफ 72 रनों की बड़ी जीत के बाद साउथ अफ्रीका की टीम ने भी सेमीफाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया. ग्रुप-1 से वेस्टइंडीज और भारत में से कोई एक टीम टॉप 4 में जगह बनाएगी. वहीं, ग्रुप-2 से न्यूजीलैंड और पाकिस्तान की उम्मीदें बरकरार हैं.
अगर भारत-वेस्टइंडीज मैच बारिश में धुला तो किसे मिलेगी सेमीफाइनल में एंट्री?
कई सारे फैंस के मन में ये सवाल जरूर उठ रहा होगा कि अगर 1 मार्च को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाला मैच अगर बारिश में धुलता है. तो सेमीफाइनल में किस टीम की एंट्री होगी? चलिए आपकी ये दुविधा दूर करते हैं.
बता दें कि सुपर-8 राउंड में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज दोनों टीमों ने 2-2 मैच खेल लिए हैं. एक-एक जीत के साथ दोनों टीमों के 2-2 अंक हैं. हालांकि, अंक तालिका में बेहतर नेट रन रेट होने की वजह से वेस्टइंडीज (+1.791) की टीम भारतीय टीम (-0.100) से ऊपर है. ऐसे में अगर 1 मार्च को टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाने वाला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ता है, तो दोनों टीमों को 1-1 से संतोष करना पड़ेगा. इससे दोनों टीमों के 3-3 अंक हो जाएंगे, लेकिन शाई होप की अगुवाई वाली टीम बेहतर नेट रन रेट के चलते सेमीफाइनल का टिकट हासिल कर लेगी. वहीं, टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.
