भारत ए का शानदार खिताबी विजय अभियान
महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल में भारत ए ने बांग्लादेश ए को 46 रन से हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी जीती. तेजल हसबनीस की 51 रन की पारी ने टीम को 134 रन तक पहुंचाया. जवाब में बांग्लादेश टीम 88 रन पर सिमट गई. प्रेमा रावत, सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर की घातक गेंदबाजी ने मैच एकतरफा बना दिया.
दिल्ली: बैंकॉक के टेर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के फाइनल में भारत ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश ए को हराकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम कर ली. राधा यादव की कप्तानी में भारतीय टीम ने 135 रनों के लक्ष्य का सफल बचाव करते हुए बांग्लादेश को 88 रन पर समेट दिया.
तेजल हसबनीस की अर्धशतकीय पारी से भारत संभला
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शुरुआती विकेट जल्दी गिर गए. इसके बाद तेजल हसबनीस ने जिम्मेदारी संभालते हुए 34 गेंदों में 51 रनों की अहम पारी खेली, जिसमें तीन चौके और दो छक्के शामिल रहे. उन्होंने कप्तान राधा यादव के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को 134/7 के प्रतिस्पर्धी स्कोर तक पहुंचाया. बांग्लादेश की कप्तान फहीमा खातून ने चार विकेट लेकर मुकाबले में संघर्ष बनाए रखा.
भारतीय गेंदबाजों का दबदबा
लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी. शमीमा सुल्ताना ही 20 रन तक पहुंच पाईं, जबकि अन्य बल्लेबाज नियमित अंतराल पर आउट होती रहीं. प्रेमा रावत ने 21 रन देकर तीन विकेट झटके. सोनिया मेंधिया और तनुजा कंवर ने भी दो-दो विकेट लेकर जीत पक्की कर दी.
टूर्नामेंट में उतार-चढ़ाव भरा सफर
भारत ए का अभियान हार से शुरू हुआ था, जब उसे यूएई के खिलाफ सात विकेट से शिकस्त झेलनी पड़ी. इसके बाद टीम ने शानदार वापसी करते हुए पाकिस्तान को आठ विकेट से हराया, नेपाल को सात विकेट से पराजित किया और सेमीफाइनल में श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया.
बांग्लादेश लगातार दूसरी बार उपविजेता
यह लगातार दूसरा अवसर है, जब बांग्लादेश ए को फाइनल में भारत ए से हारकर उपविजेता के रूप में संतोष करना पड़ा. 2023 के पहले संस्करण में भी भारतीय टीम ने ही उसे खिताबी मुकाबले में मात दी थी.
