Sanju Samson and Ishan Kishan
Sanju Samson and Ishan Kishan

भारत का रिकॉर्डतोड़ 255 रन

T20 World Cup 2026 Final में भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 255 रन बनाकर इतिहास रच दिया. यह टी20 विश्व कप फाइनल का सबसे बड़ा स्कोर बन गया. संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अर्धशतक लगाए. भारत ने पारी में 18 छक्के जड़े और टूर्नामेंट में कुल 106 सिक्स लगाकर नया रिकॉर्ड बना दिया. यह स्कोर टी20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया.

दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कीर्तिमानों की झड़ी लगा दी. न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मुकाबले में भारत ने पांच विकेट खोकर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इस बड़ी पारी में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी देखने को मिली. तीनों बल्लेबाजों के अर्धशतकों की बदौलत भारतीय टीम ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कर लीं.

फाइनल में बना टी20 विश्व कप का सबसे बड़ा स्कोर

भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड कायम किया. इससे पहले फाइनल में भारत का ही 176 रन का स्कोर सर्वोच्च था, जो 2024 के खिताबी मुकाबले में बना था. 255 रन बनाकर टीम इंडिया ने उस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया.

टी20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर

टीम इंडिया का यह स्कोर टी20 विश्व कप इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया. इस सूची में श्रीलंका का 260 रन का स्कोर पहले स्थान पर है, जबकि भारत ने ही जिम्बाब्वे के खिलाफ 256 रन बनाकर दूसरा स्थान हासिल किया था.

250 से अधिक रन बनाने में भारत सबसे आगे

टी20 क्रिकेट में 250 से ज्यादा रन बनाने के मामले में भारतीय टीम अब शीर्ष पर पहुंच गई है. टीम इंडिया ने सातवीं बार 250 से अधिक रन का स्कोर बनाया. इसके बाद सनराइजर्स हैदराबाद का नाम आता है, जिसने पांच बार यह उपलब्धि हासिल की है. खास बात यह भी है कि भारत और सनराइजर्स हैदराबाद ही ऐसी टीमें हैं, जिन्होंने लगातार तीन मैचों में 250 से ज्यादा रन बनाए हैं.

2026 में चौथी बार पार किया 250 का आंकड़ा

भारतीय टीम ने साल 2026 में चौथी बार 250 से अधिक रन बनाए. किसी एक कैलेंडर वर्ष में यह सबसे ज्यादा बार है, जब किसी टीम ने टी20 क्रिकेट में 250 का आंकड़ा पार किया हो.

छक्कों की बरसात, पारी में लगे 18 सिक्स

फाइनल मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर छक्के लगाए. पूरी पारी में भारत की ओर से कुल 18 छक्के लगे, जो टी20 क्रिकेट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों के करीब पहुंचने वाला आंकड़ा है. इससे पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 19 छक्के जड़े थे. टी20 क्रिकेट में एक पारी में 19 छक्कों का रिकॉर्ड नीदरलैंड्स और वेस्टइंडीज के नाम भी दर्ज है.

नॉकआउट मैच में पहली बार टॉप तीन बल्लेबाजों के अर्धशतक

इस मैच में भारत के शीर्ष तीन बल्लेबाजों ने अर्धशतक लगाए. टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में यह पहली बार हुआ है, जब किसी टीम के टॉप तीन बल्लेबाजों ने पचास से ज्यादा रन बनाए हों.

एक ही वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में कुल 106 छक्के लगाए और एक नया कीर्तिमान बना दिया. इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के नाम था, जिसने 2023 वनडे विश्व कप में 99 छक्के लगाए थे.

संजू सैमसन की ऐतिहासिक पारी

फाइनल में संजू सैमसन ने 89 रन की बेहतरीन पारी खेली. इसके साथ ही वे टी20 विश्व कप में लगातार तीन बार 80 से अधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले श्रीलंका के महेला जयवर्धने ने 2010 में यह कारनामा किया था.

सेमीफाइनल और फाइनल दोनों में अर्धशतक

संजू सैमसन टी20 विश्व कप के एक ही संस्करण में सेमीफाइनल और फाइनल दोनों मुकाबलों में अर्धशतक लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज बन गए. उनसे पहले पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी ने 2009 में और भारत के विराट कोहली ने 2014 में यह उपलब्धि हासिल की थी.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...