दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज वहाब रियाज का मानना है कि पाकिस्तान का हर खिलाड़ी शेर और मैच विनर है. उन्होंने कहा कि आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी (ICC Champions Trophy 2025) के अहम मुकाबले के लिए हमें अपने खिलाड़ियों का समर्थन करना चाहिए.
39 साल के वहाब रियाज ने रविवार को पाकिस्तान और भारत के बीच खेले जा रहे मैच पर चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय टीम के अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा अपने करियर के इस मोड़ पर अपनी टीम की जीत के लिए कुछ भी करना चाहेंगे.
पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा कि हर खिलाड़ी अपने करियर का अंत अच्छा करना चाहता है. यह स्थिति विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए तनावपूर्ण होगी, लेकिन यह भी सच है कि विराट और रोहित दबाव में अच्छा खेलने की क्षमता रखते हैं.
उन्होंने यह भी कहा कि चैंपियंस ट्रॉफी के अहम मुकाबले में दोनों भारतीय खिलाड़ियों की भूमिका काफी अहम होगी. अगर पाकिस्तान की टीम उन्हें जल्दी आउट कर देती है तो उनके पास मैच में बड़ा मौका होगा. मेरी शुभकामनाएं कप्तान मोहम्मद रिजवान और पाकिस्तान टीम के साथ हैं.
वहाब ने आगे कहा कि पाकिस्तान टीम का हर खिलाड़ी मैच विनर है, यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि आप कैसे खेलते हैं और आपकी बॉडी लैंग्वेज क्या है.
इसके अलावा, पूर्व पेसर ने कहा कि सभी खिलाड़ी हमारे शेर हैं, हमें उनका समर्थन करना चाहिए और भारत के खिलाफ मैच जीतने को लेकर आशावादी बने रहना चाहिए.
गौरतलब है कि दुबई के इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारतीय गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया, जिससे पाकिस्तान की टीम मुश्किल में नजर आ रही है. पाकिस्तान की टीम 241 रनों पर सिमट गई है, जहां भारत को यह मैच जीतने के लिए 50 ओवर में 242 रनों की ज़रुरत है.
