भारतीय टीम अफगान टीम की करेगी मेजबानी
अफगानिस्तान का भारत दौरा IPL 2026 के समापन के बाद शुरू होगा. दोनों टीमों के बीच 1 टेस्ट और तीन वनडे खेले जाएंगे. दोनों सीरीज में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी.
दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप के समापन से पहले अफगानिस्तान के भारत दौरे की घोषणा हो गई है. अफगानिस्तान की टीम IPL 2026 के खत्म होने के बाद, भारत के दौरे पर आएगी. दोनों टीमों के बीच एक टेस्ट और तीन मैचों की वनडे सीरीज का आयोजन होगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आज सुबह इस दौरे के पूरे कार्यक्रम का ऐलान किया.
6 से 10 जून के बीच होगा टेस्ट मैच
अफगानिस्तान के भारत दौरे की शुरुआत दोनों देशों के बीच होने वाले एकमात्र टेस्ट से होगी. यह मैच 6 जून से शुरू होगा, जिसका आयोजन न्यू चंडीगढ़ में होगा. शुभमन गिल इस सीरीज में टीम की अगुवाई करते हुए दिखेंगे.
अफगानिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया ने आखिरी टेस्ट मुकाबला जून 2018 में खेला था, जिसमें मेन इन ब्लू ने एक पारी व 262 रनों से जीत दर्ज की थी.
वनडे सीरीज में दिखेगा कोहली-हिटमैन का जलवा
वनडे सीरीज की शुरुआत 14 जून को धर्मशाला में खेले जाने वाले वनडे मुकाबले से होगी. इसके बाद, दोनों टीमों के बीच दूसरा एकदिवसीय मैच 17 जून को लखनऊ के एकाना स्टेडियम में आयोजित होगा. वहीं, तीसरा मैच 20 जून को चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा.
इस सीरीज में भी भारतीय टीम की कमान शुभमन गिल के हाथों में होगी. वहीं, पूरी उम्मीद है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली भी इस सीरीज के लिए स्कवॉड में शामिल किए जाएंगे.
अफगानिस्तान के भारत दौरे का पूरा शेड्यूल:
| मैच | तारीख | समय | वेन्यू |
| टेस्ट | 6 – 10 जून | सुबह 9.30 बजे | न्यू चंडीगढ़ |
| पहला वनडे | 14 जून | दोपहर 1.30 बजे | धर्मशाला |
| दूसरा वनडे | 17 जून | दोपहर 1.30 बजे | लखनऊ |
| तीसरा वनडे | 20 जून | दोपहर 1.30 बजे | चेन्नई |
