Glenn Maxwell
Glenn Maxwell

मुख्य बिंदु:

ग्लेन मैक्सवेल ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह आईपीएल 2026 ऑक्शन में अपना नाम नहीं भेजेंगे. पंजाब किंग्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया. मैक्सवेल ने आईपीएल को अपने करियर में महत्वपूर्ण बताते हुए फैन्स और टीमों का शुक्रिया अदा किया और आगे के भविष्य के लिए संकेत दिए.

दिल्ली:  इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 की मिनी निलामी 16 दिसंबर को अबू धाबी में आयोजित की जाएगी. नीलामी के लिए इस बार रिकॉर्ड 1,355 खिलाड़ियों ने अपना नाम भेजा है. लेकिन, इसमें एक खिलाड़ी का नाम शामिल नहीं है, वह हैं ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल का. मैक्सवेल ने सोशल मीडिया पर बताया कि वह IPL 2026 के ऑक्शन में अपना नाम नहीं भेजेंगे.

इंस्टाग्राम पर लिखे एक भावुक नोट में मैक्सवेल ने IPL का शुक्रिया अदा किया और कहा कि इस लीग ने उन्हें एक खिलाड़ी और इंसान दोनों रूप में बेहतर बनाया है. पंजाब किंग्स द्वारा रिलीज किए जाने के बाद उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया है.

मैक्सवेल ने पोस्ट कर दी जानकारी

मैक्सवेल ने लिखा कि कई यादगार सीज़न खेलने के बाद उन्होंने इस बार ऑक्शन में हिस्सा न लेने का फैसला किया है. उन्होंने कहा, “IPL ने उन्हें दुनिया के बेहतरीन खिलाड़ियों के साथ खेलने का मौका दिया और भारत के अनोखे क्रिकेट माहौल से बहुत कुछ सीखने को मिला.” उन्होंने भारतीय फैन्स की ऊर्जा और सपोर्ट को खास बताया.

गौरतलब है कि मैक्सवेल ने अपने पोस्ट में यह नहीं बताया कि ये रिटारमेंट है या नहीं. साथ ही उन्होंने अंत में लिखा, “होपफुली सी यू अगेन”, यानी उन्होंने उम्मीद जताई है कि वह वापस आ सकते हैं. इससे साफ होता है कि यह संन्यास नहीं है. मैक्सवेल के इस फैसले का कारण पिछले कुछ सीजन में उनका खराब प्रदर्शन माना जा रहा है.

37 साल के मैक्सवेल उन बड़े नामों में शामिल हो गए हैं, जो IPL 2026 मिनी ऑक्शन में हिस्सा नहीं लेंगे. इससे पहले फाफ डु प्लेसिस और मोइन अली भी ऐसा कर चुके हैं. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या मैक्सवेल PSL 2026 में खेलते हैं या नहीं.

मैक्सवेल का IPL करियर

अपने IPL करियर में मैक्सवेल ने 141 मैच में 2819 रन बनाए और 155 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. उन्होंने पंजाब किंग्स और RCB के लिए लंबे समय तक खेला, जबकि मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी कुछ मैच खेले. 2013 में वह मुंबई इंडियंस के साथ IPL ट्रॉफी जीत चुके हैं, हालांकि वह उस सीजन में ज्यादा मैच नहीं खेले थे.

पंजाब किंग्स ने उन्हें IPL 2025 के लिए 4.2 करोड़ में खरीदा था, लेकिन चोट और फॉर्म की वजह से उनका प्रदर्शन खास नहीं रहा. इसी कारण फ्रेंचाइज़ी ने IPL 2026 से पहले उन्हें रिलीज कर दिया.

मैक्सवेल हमेशा ऑक्शन में बड़े दाम पाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं. उनका सबसे बड़ा कॉन्ट्रैक्ट 2021 में आया था, जब RCB ने उन्हें 14.25 करोड़ रुपये में खरीदा था. 2013 के ऑक्शन में भी वह सबसे महंगे खिलाड़ी थे, जब मुंबई ने उन्हें अपने साथ जोड़ा था.

मैं एक खेल पत्रकार हूं, जिसे क्रिकेट से बेहद लगाव है. एंकरिंग, रिपोर्टिंग, कंटेंट...