Hardik Pandya
Hardik Pandya

पांड्या के नाम दर्ज हुई बड़ी उपलब्धि

हार्दिक पांड्या टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में 500 प्लस रन और 30 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे ऑलराउंडर बन गए हैं. उन्होंने शाकिब अल हसन और शाहिद अफरीदी की बराबरी कर ली है.

दिल्ली: जब बात बड़े मंच पर बल्ले और गेंद दोनों से तबाही मचाने वाले खिलाड़ियों के बारे में होती है, तो अब हार्दिक पांड्या का नाम इसमें जरूर शामिल किया जाता है. पांड्या का कमबैक 2024 टी20 वर्ल्ड कप में हुआ था और उसके बाद से उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा. मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी पांड्या टीम इंडिया के लिए मजबूत कड़ी साबित हो रहे हैं. बीते रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ हुए मैच के दौरान दाएं हाथ के ऑलराउंडर पांड्या ने एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया.

पांड्या ने शाकिब और अफरीदी के क्लब में मारी एंट्री

दरअसल, अब पांड्या टी20 वर्ल्ड कप में 500 प्लस रन और 30 या उससे अधिक विकेट लेने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले ये कारनामा बांग्लादेशी लीजेंड शाकिब अल हसन और शाहिद अफरीदी ने करके दिखाया है.

शाकिब ने 43 मैचों में 23.05 की औसत से 853 रन बनाए, जिसमें 4 पचासे शामिल हैं. गेंदबाजी में शाकिब के नाम 50 विकेट दर्ज हैं.

पूर्व ऑलराउंडर शाहिद अफरीदी ने टी20 वर्ल्ड कप में 34 मुकाबलों में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया. इस दौरान उन्होंने 18.82 की औसत से 546 रन बनाने में सफलता हासिल की. गेंदबाजी में दाएं हाथ के इस पूर्व धाकड़ ऑलराउंडर ने 39 विकेट झटके.

32 वर्षीय पांड्या अब तक टी20 वर्ल्ड कप में 31 मुकाबले खेल चुके हैं. उन्होंने 29.38 की औसत से 529 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतकीय पारियां निकली हैं. गेंदबाजी में पांड्या 30 विकेट अपने नाम कर चुके हैं.

टी20 वर्ल्ड कप 500+ रन और 30+ विकेट लेने वाले 3 खिलाड़ी

खिलाड़ी मैच रन/विकेट
शाकिब अल हसन 43853/50
शाहिद अफरीदी 34546/39
हार्दिक पांड्या 31529/30

हार्दिक पांड्या के T20I करियर पर एक नजर

पांड्या ने टी20 अन्तर्राष्ट्रीय में अपना पहला मुकाबला 2016 में ऑस्ट्रलिया के विरुद्ध खेला था. वह अब तक 136 मुकाबले खेल चुके हैं और 28 से अधिक की औसत से 2243 रन बनाए हैं. इस दौरान पांड्या ने 11 फिफ्टी जमाई हैं. वहीं, गेंदबाजी में पांड्या 111 विकेट हासिल करने में सफल रहे हैं. 4/16 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.