पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे मुकाबले में पाकिस्तान ने इंग्लैंड को जीत के लिए 165 रनों का लक्ष्य दिया है. इंग्लैंड टीम अगर इस मैच को जीत लेती है, तो उसकी सेमीफाइनल में एंट्री हो जाएगी.
दिल्ली: इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप का 45वां मुकाबला खेला जा रहा है. पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हो रहे इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 9 विकेट खोकर 164 रन बनाए. इसमें सबसे बड़ा योगदान साहिबजादा फरहान का रहा, जिनके बल्ले से अर्धशतक निकला. इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 165 रन का लक्ष्य मिला है.
साहिबजादा फरहान ने खेली अर्धशतकीय पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला पाकिस्तान के लिए शुरुआत में गलत साबित हुआ. सैम अयूब और साहिबजादा फरहान की सलामी जोड़ी कुछ कमाल नहीं दिखा पाई और 14 के स्कोर पर टीम को पहला झटका. जेमी ओवरटन ने अयूब (7) को एलबीडबल्यू आउट करके पवेलियन की राह दिखाई. इसके बाद, कप्तान आगा का बल्ला भी नहीं चला और 5 बन बनाकर लियाम डॉसन का शिकार बने. हालांकि, साहिबजादा ने अपना कमाल का फॉर्म जारी रखते हुए 45 गेंदों पर 63 रन बनाए, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के देखने को मिले.
बाबर आजम का फ्लॉप शो जारी
अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम ने एक बार फिर से पाकिस्तानी फैंस की उम्मीदों को चकनाचूर किया. उन्होंने 24 गेंदों पर 25 रनों की धीमी पारी खेली और बोल्ड होकर पवेलियन लौटे. तूफानी बल्लेबाजी के मशहूर फखर जमां 25 रनों का योगदान दे पाए. अंतिम के ओवरों में शादाब खान टीम के लिए अहम कड़ी साबित हुए. उन्होंने 11 गेंदों का सामना किया और 4 चौकों की मदद से 23 रन बनाए.
लियाम डॉसन ने झटके 3 विकेट
इंग्लैंड टीम की तरफ से डॉसन सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए. उन्होंने पाकिस्तान के तीन बल्लेबाजों को अपना शिकार बनाया. इस दौरान डॉसन ने 4 ओवरों में सिर्फ 23 रन खर्च किए. वहीं, आर्चर और ओवरटन ने 2-2 विकेट हासिल किए. एक विकेट आदिल रशीद के खाते में आया.
