Mohammed Siraj
Mohammed Siraj

मुख्य बिंदु:

गौर करने वाली बात यह रही कि सिराज ने पांचों टेस्ट मैच खेले, लेकिन इसके बावजूद उनमें थकान के कोई लक्षण नहीं दिखे.

दिल्ली: भारतीय टीम के स्टार तेज़ गेंदबाज़ मोहम्मद सिराज ने लंदन के ओवल में खेले गए पांचवें टेस्ट में अपने दमदार प्रदर्शन से भारत को 6 रन की जीत दिलाने में अहम योगदान दिया. सिराज ने मैच में कुल 9 विकेट झटके और दोनों पारियों में इंग्लैंड की बल्लेबाज़ी को तहस-नहस करने में बड़ी भूमिका निभाई.

पांचों टेस्ट खेलने के बावजूद नहीं थकी बॉडी

गौर करने वाली बात यह रही कि सिराज ने पांचों टेस्ट मैच खेले, लेकिन इसके बावजूद उनमें थकान के कोई लक्षण नहीं दिखे. उन्होंने कई बार आठ-आठ ओवर के लंबे स्पैल फेंके और हमेशा, एक जैसी ऊर्जा के साथ गेंदबाज़ी की.

भाई ने खोला फिटनेस का राज़

मैच के बाद सिराज के भाई मोहम्मद इस्माइल ने उनके फिटनेस रूटीन और अनुशासित जीवनशैली के बारे में जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सिराज फिटनेस को लेकर बेहद गंभीर हैं और अपनी डाइट का खास ख्याल रखते हैं.

इस्माइल ने इंडिया टुडे से बातचीत में बताया, “हां, बिल्कुल. वह फिटनेस पर बहुत ध्यान देता है. वह जंक फूड से दूर रहता है और डाइट को लेकर काफी अनुशासित है. हैदराबाद में रहते हुए भी वह बिरयानी बहुत कम खाता है, और अगर खाता भी है, तो सिर्फ घर की बनी हुई. पिज़्ज़ा या फास्ट फूड, जैसी चीज़ों को वह बिल्कुल नहीं छूता.”

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 से बाहर होने के बावजूद नहीं टूटा हौसला

इस्माइल ने यह भी बताया कि जब सिराज को चैंपियंस ट्रॉफी 2025 की टीम में नहीं चुना गया, तो उन्होंने खुद को निराश नहीं होने दिया. इसके बजाय, उन्होंने और अधिक मेहनत की और अपनी फिटनेस तथा प्रदर्शन को बेहतर करने पर ध्यान केंद्रित किया.

उन्होंने आगे कहा, “100 प्रतिशत, वह कभी हार नहीं मानता, जब उसका चयन चैंपियंस ट्रॉफी टीम में नहीं हुआ, तो उसने खुद को निराश नहीं होने दिया. उसने जिम में खूब पसीना बहाया, अपनी फिटनेस पर काम किया और हर दिन, सुबह और शाम — प्रैक्टिस की. उसने जो कमी थी, उसे पहचाना और उसे सुधार लिया.”

सिराज बने सीरीज के टॉप विकेट टेकर

दाएं हाथ के पेसर ने इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ में कुल 23 विकेट झटके और वह सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ बने. उन्होंने यह प्रदर्शन 32.43 के औसत से किया, जिसमें दो बार पांच विकेट हॉल लेने का कारनामा शामिल है.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...