दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में जैसे ही लीग दोबारा शुरू हुई, बारिश ने कई टीमों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. बेंगलुरु में बारिश ने कई मैचों को प्रभावित किया. इसी वजह से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 20 मई को प्लेऑफ के वेन्यू का ऐलान करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) का मैच बेंगलुरु से लखनऊ शिफ्ट कर दिया.
DC ने भी मांगी मैच शिफ्ट करने की इजाजत
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के मालिक पार्थ जिंदल ने IPL को खत लिखकर अनुरोध किया कि मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ उनका अहम मुकाबला वानखेड़े स्टेडियम से किसी और जगह शिफ्ट कर दिया जाए. उन्होंने कहा कि मौसम विभाग ने 20 मई को मुंबई में अगले चार दिन के लिए येलो अलर्ट जारी किया है.
पार्थ जिंदल ने लिखा, “जैसे RCB और SRH का मैच बेंगलुरु से हटाया गया, वैसे ही हमारी टीम का मैच भी मुंबई से हटाया जाना चाहिए. हमें छह दिन पहले से पता है कि 21 मई को मुंबई में तेज बारिश की संभावना है. ऐसे में मैच रद्द होने का खतरा है, जो हमारे प्लेऑफ चांस पर असर डालेगा.”
बारिश DC की प्लेऑफ उम्मीदें कैसे बिगाड़ सकती है?
दिल्ली कैपिटल्स को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए अपने दोनों बचे हुए मैच जीतने हैं. अगर मुंबई में मैच बारिश की वजह से रद्द होता है तो DC और MI को एक-एक अंक मिलेगा. इसके बाद भले ही DC अगला मैच जीत जाए, उन्हें तब भी मुंबई और पंजाब के बीच होने वाले मुकाबले पर निर्भर रहना पड़ेगा. अगर MI पंजाब को हरा देती है, तो वह 17 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी और DC बाहर हो जाएगी.
KKR ने भी जताई नाराजगी
इस बीच, कोलकाता नाइट राइडर्स के CEO वेंकी मैसूर ने भी BCCI को एक सख्त मेल भेजा. उन्होंने कहा कि अगर बारिश को ध्यान में रखकर रूल बदले गए होते, तो RCB के खिलाफ उनका मैच बच सकता था.
उन्होंने लिखा, “RCB के खिलाफ हमारा मैच रद्द होने से हमारी प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म हो गईं. ऐसे अचानक और बिना किसी स्पष्ट नियम के लिए गए फैसले IPL जैसे टूर्नामेंट के स्तर के नहीं हैं.”
