Sunrisers Hyderabad
आरसीबी के पूर्व कोच को सनराइजर्स हैदराबाद ने बनाया अपना हेड कोच

आईपीएल 2024 की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। टीमें अपनी कमजोरियों पर काम कर रही हैं, इसी कड़ी में आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया है। पिछले साल तक वेस्टइंडीज के पूर्व महान खिलाड़ी ब्रायन लारा यह पद संभाल रहे थे। लारा पहले टीम के बैटिंग कोच थे और पिछले सीजन ही हेड कोच बने थे, लेकिन उनकी दिशानिर्देश में टीम का प्रदर्शन बेहद खराब रहा और हैदराबाद प्वाइंट टेबल में 10वें स्थान पर रही थी।

पूर्व कैरेबियाई खिलाड़ी से पहले टॉम मूडी एसआरएच के हेड कोच थे, तो वहीं न्यूजीलैंड के पूर्व ऑलराउंडर डैनियल विटोरी को सनराइजर्स ने अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है। बता दें, विटोरी साल 2014 से लेकर 2018 तक रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के हेड कोच थे। उनके कार्यकाल में टीम 2015 ने प्लेऑफ तक का सफर तय किया था, जबकि 2016 के फाइनल तक पहुँची थी, हालांकि ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर पाई थी। इससे पहले मई 2022 में डैनियल को ऑस्ट्रेलिया ने अपना असिस्टेंट कोच नियुक्त किया था।

हैदराबाद की टीम आईपीएल 2021 और 2022 में भी पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर रही थी। लगातार तीन सीजन में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद, ऐसा माना जा रहा था कि फ्रेंचाइजी के कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है, इसी के तहत अब डैनियल विटोरी हेड कोच का जिम्मा संभालेंगे और उनके ऊपर टीम के अच्छा प्रदर्शन करने का दबाव भी होगा। अब देखना होगा विटोरी के कार्यकाल में सनराइजर्स किस तरीके का प्रदर्शन करती है?