Spencer Johnson
Spencer Johnson

CSK में जॉनसन की एंट्री

IPL 2026 से पहले CSK को बड़ा झटका लगा जब तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग चोट के कारण बाहर हो गए. टीम ने तुरंत ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया. जॉनसन अपनी रफ्तार और स्विंग के लिए जाने जाते हैं और डेथ ओवरों में उपयोगी साबित हो सकते हैं. हालांकि उनका IPL रिकॉर्ड औसत रहा है, लेकिन हालिया टी20 प्रदर्शन ने फ्रेंचाइजी का भरोसा बढ़ाया है.

चेन्नई: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को बड़ा झटका लगा है. टीम के तेज गेंदबाज नाथन एलिस हैमस्ट्रिंग चोट के कारण पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. एलिस को टीम की गेंदबाजी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा था, खासकर डेथ ओवरों में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहती है.

एलिस के बाहर होने से टीम के सामने संतुलन बनाने की चुनौती खड़ी हो गई थी, लेकिन मैनेजमेंट ने तुरंत फैसला लेते हुए उनकी जगह ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन को टीम में शामिल कर लिया है.

जॉनसन की एंट्री से गेंदबाजी में नई धार

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज स्पेंसर जॉनसन अपने अलग एंगल और रफ्तार के लिए जाने जाते हैं. नई गेंद से स्विंग कराने के साथ-साथ वह डेथ ओवरों में भी तेज गति से गेंदबाजी करने में सक्षम हैं. यही वजह है कि उन्हें टीम के लिए एक बहुमुखी विकल्प माना जा रहा है.

जॉनसन ने हाल के समय में टी20 क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन किया है. खासतौर पर बिग बैश लीग (BBL), जैसे टूर्नामेंट में उन्होंने लगातार विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की है. पिछले कुछ टी20 टूर्नामेंट्स में उनके नाम 40 से अधिक विकेट दर्ज हैं, जो दबाव में प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता को दर्शाता है.

आईपीएल रिकॉर्ड औसत, लेकिन क्षमता पर भरोसा

आईपीएल में स्पेंसर जॉनसन का रिकॉर्ड अब तक खास प्रभावशाली नहीं रहा है. उन्होंने 2024 और 2025 सीजन में कुल 9 मैच खेले हैं, जिसमें उनके खाते में 5 विकेट आए हैं. इस दौरान उनका औसत 56.80 और इकॉनमी रेट 10.39 रहा है, जो थोड़ी महंगी गेंदबाजी को दिखाता है.

उन्होंने 2024 में गुजरात टाइटंस (GT) के लिए खेलते हुए 4 विकेट लिए थे, जबकि 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) की ओर से खेलते हुए सिर्फ 1 विकेट ही हासिल कर सके. हालांकि, उनकी गति और संभावनाओं को देखते हुए फ्रेंचाइजी उन पर भरोसा जता रही हैं.

शादाब अली पिछले सात वर्षों से क्रिकटुडे में बतौर खेल पत्रकार अपनी सेवाएं दे रहे...