IPL को चुना, PSL को छोड़ा
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग छोड़कर IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खेलने का फैसला किया. उन्हें पहले PSL में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने साइन किया था, लेकिन IPL से ऑफर मिलने के बाद उन्होंने लीग से नाम वापस ले लिया. रिपोर्ट के मुताबिक PCB इस कदम से नाराज़ है और कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रहा है. पिछले साल कॉर्बिन बॉश ने भी ऐसा ही फैसला लिया था.
दिल्ली: जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी के अचानक पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से नाम वापस लेकर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में शामिल होने के फैसले ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को नाराज़ कर दिया है.
आखिरी समय पर बदला फैसला
मुजारबानी आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेलते नज़र आएंगे. आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू होने जा रहा है और इसी से पहले केकेआर ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया. दरअसल, कोलकाता की टीम ने मुजरबानी को बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान की जगह स्क्वाड में शामिल किया है. आईपीएल में मौका मिलने के बाद मुजारबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने से अपना नाम वापस ले लिया.
पीएसएल टीम ने पहले किया था साइन
आईपीएल में शामिल होने से पहले मुजरबानी को पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड ने अपनी टीम का हिस्सा बनाया था. फ्रेंचाइजी ने उन्हें करीब 11 मिलियन पाकिस्तानी रुपये की राशि में साइन किया था. मुजरबानी को टीम में वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शमार जोसेफ के रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था, लेकिन बाद में भारतीय लीग से प्रस्ताव मिलने पर उन्होंने पीएसएल की बजाय आईपीएल को प्राथमिकता दे दी.
पीसीबी कर सकता है कानूनी कार्रवाई
जियो सुपर की रिपोर्ट के अनुसार पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड इस पूरे मामले से खुश नहीं है. बोर्ड अब 29 वर्षीय तेज गेंदबाज के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की संभावना पर विचार कर रहा है. पीसीबी का मानना है कि किसी खिलाड़ी का लीग के लिए साइन करने के बाद अंतिम समय पर हटना टूर्नामेंट की साख को प्रभावित करता है.
लगातार दूसरे साल हुआ ऐसा मामला
यह लगातार दूसरा अवसर है, जब किसी विदेशी खिलाड़ी ने पहले पाकिस्तान सुपर लीग के लिए अनुबंध किया और बाद में आईपीएल में खेलने का विकल्प चुन लिया. पिछले सीजन में दक्षिण अफ्रीका के ऑलराउंडर कॉर्बिन बॉश ने भी इसी तरह का फैसला लिया था. उन्हें शुरुआत में पेशावर जाल्मी ने अपनी टीम में शामिल किया था, लेकिन बाद में चोटिल खिलाड़ी के स्थान पर उन्होंने आईपीएल में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने का फैसला कर लिया था.
दिलचस्प बात यह है कि ब्लेसिंग मुजरबानी और कॉर्बिन बोश दोनों ही अफ्रीकी मूल के खिलाड़ी हैं, जिन्होंने पाकिस्तान सुपर लीग के साथ अनुबंध होने के बावजूद आखिरकार इंडियन प्रीमियर लीग में खेलने को प्राथमिकता दी.
